चंडीगढ़, 20 जुलाई (वि.प्र.) हरियाणा में बिजली की खपत में भारी उछाल आया है. क्याेंकि लंबे समय से चल रही मानसून की कमी और भीषण गर्मी के कारण पूरे राज्य में बिजली की मांग बढ़ गई थी। पिछले कुछ दिनाें से कई जिलाें में लंबे समय तक बिना पूर्व सूचना के बिजली कटाैती की खबरें आ रही हैं.
नाराज ग्रामीणाें ने भिवानी, हिसार, पानीपत, फतेहाबाद और चरखी दादरी में विराेध प्रदर्शन किया और सड़काें काे जाम कर दिया. दाेनाें वितरण कंपनियाें ने खपत में साल-दर-साल 32.18% की वृद्धि दर्ज की. दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) में कुल खपत 18 जुलाई काे बढ़कर 3,135.42 लाख यूनिट हाे गई, जाे पिछले साल इसी दिन 2,372.05 लाख यूनिट थी यानी 763.37 लाख यूनिट की वृद्धि हुई है.
गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल काे कवर करने वाले डीएचबीवीएन क्षेत्र में खपत 1,763.70 लाख यूनिट तक पहुंच गई, जाे इस महीने अब तक की सबसे अधिक खपत है. यह 17 जुलाई (1,732.16 लाख यूनिट) से 1.82% और 18 जुलाई, 2025 (1,282.10 लाख यूनिट) से 37.56% अधिक है. महेंद्रगढ़ जिले में पिछले वर्ष की तुलना में डीएचबीवीएन में सबसे अधिक 72.34% की वृद्धि दर्ज की गई.