बंसीलाल रामनाथ अग्रवाल हिंदी विद्यालय में पूर्व छात्र सम्मेलन संपन्न

पिछले 40 वर्षों के 338 पुराने विद्यार्थियों का हुआ उत्साहपूर्ण मिलन

    23-Jul-2026
Total Views |

vSBVfs 
दत्तवाड़ी, 22 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
बंसीलाल रामनाथ अग्रवाल हिंदी विद्यालय, रविवार पेठ, (पुणे) के तृतीय भूतपूर्व छात्र संगठन एवं प्रीति भोज-2026 का भव्य आयोजन रविवार (19 जुलाई) को सत्यनारायण शिवलाल अग्रवाल इंग्लिश मीडियम स्कूल, दत्तवाड़ी में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. कार्यक्रम में पिछले 40 वर्षों के कुल 338 पूर्व विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपने विद्यालय और शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आत्मीयता व्यक्त की. समारोह में शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष दिनेश अग्रवाल, भूतपूर्व माध्यमिक मुख्याध्यापक रामकृष्ण बेटावदकर तथा प्राथमिक की भूतपूर्व मुख्याध्यापिका विद्या भावसार विशेष रूप से उपस्थित रहे. कार्यक्रम के आयोजन में शिक्षा समिति के सचिव भरत अग्रवाल तथा जगदीशप्रसाद अग्रवाल का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ. विद्यालय की माध्यमिक मुख्याध्यापिका अेिशनी रोकड़े ने अपने संबोधन में पूर्व विद्यार्थियों और शिक्षकों से विद्यालय के विकास में सहयोग की अपील की. उनके आह्वान पर कई भूतपूर्व विद्यार्थियों ने तत्काल विद्यालय के लिए आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की, जिससे विद्यालय को महत्वपूर्ण वित्तीय सहायता प्राप्त हुई.भूतपूर्व छात्र संगठन के अध्यक्ष मगराज राठी एवं पूर्व छात्रा शीतल सोलंकी ने सभी शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों को स्मृति-चिन्ह देकर सम्मानित किया. वहीं, पूर्व छात्र प्रमोद ओसवाल ने सभी पूर्व विद्यार्थियों को उपहार भेंट किए. कार्यक्रम की सफलता में ज्येष्ठ शिक्षक रसूल मनियार, सुजाता तिमिर, संगठन के उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत त्रिवेदी सहित समस्त शिक्षक एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. पूर्व छात्र गणेश अग्रवाल ने सभी के लिए स्नेहभोज की व्यवस्था की. कार्यक्रम का प्रभावी संचालन ममता शाह और प्रमोद ओसवाल ने किया. अंत में प्राथमिक की मुख्याध्यापिका रोहिणी सूर्यवंशी ने आभार व्यक्त किया तथा समीक्षा वेल्हाल के पसायदान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.