निःशुल्क ‌‘जयपुर फुट‌’ महाशिविर को भारी रिस्पांस

अजित पवार के जन्मदिवस पर हुआ आयोजन : पहले दिन 100 लोगों ने लिया लाभ

    23-Jul-2026
Total Views |
 
bfsb
पुणे, 22 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

उपमुख्यमंत्री अजित पवार के जन्मदिवस के अवसर पर जरूरतमंद दिव्यांगों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर होकर जीने में सक्षम बनाने के उद्देश्य से आयोजित निःशुल्क ‌‘जयपुर फुट‌’ महाशिविर को उत्साहपूर्ण रिस्पांस मिला. शिविर का उद्घाटन प्रदीप देशमुख तथा प्रा. डॉ. विजय मनोहर वढाई की प्रमुख उपस्थिति में संपन्न हुआ. शिविर से पूर्व दूरभाष के माध्यम से लगभग 1,100 लोगों ने पंजीकरण कराया था. इनमें से पहले ही दिन 100 दिव्यांग लाभार्थियों ने शिविर में उपस्थित होकर ‌‘जयपुर फुट‌’ सेवा का लाभ प्राप्त किया. लाभार्थियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने ऐसे सामाजिक सेवा उपक्रमों की आवश्यकता को एक बार फिर रेखांकित किया. ‌‘महाराष्ट्र जयपुर फुट‌’ के अध्यक्ष आर्किटेक्ट रामेश्वर मणियार तथा लायन्स क्लब ऑफ पुणे सुप्रीम की अध्यक्षा लायन कलाकार रजनी आंबाड़े ने कहा कि राज्य के अधिकाधिक जरूरतमंद दिव्यांगों तक यह सेवा पहुंचाने के उद्देश्य से महाराष्ट्रभर में ऐसे निःशुल्क जयपुर फुट महाशिविरों का नियमित आयोजन किया जाएगा. इस सेवा कार्य के लिए गुरुनानक मेडिकल फाउंडेशन का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ, जिसके लिए आयोजकों ने फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त किया. इस अवसर पर चरणजीतसिंह साहनी, दिलीपसिंह गोसाल, मोहिंदर खंडारी, सुरिंदरसिंह धुपर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे. आयोजकों ने राज्य के सभी पात्र एवं जरूरतमंद दिव्यांगों से इस निःशुल्क महाशिविर का लाभ उठाने की अपील की है. गुरुद्वारा परिसर में अगले सप्ताह तक जयपुर फुट, जयपुर हैंड तथा अन्य आवश्यक सहायक उपकरणों की सेवाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी.