कोथरूड, 23 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) लायन्स क्लब ऑफ पूना कोथरूड (डिस्ट्रिक्ट 3234-D2) की ओर से राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार (21 जुलाई) को नल स्टॉप, कर्वे रोड (पुणे) में जनजागृति अभियान आयोजित किया गया. इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, महत्व तथा ध्वज संहिता के प्रति जागरूक करना था. इस जनजागृति अभियान को नागरिकों का उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिला. बड़ी संख्या में लोगों ने पर्चे पढ़कर राष्ट्रीय ध्वज से जुड़े तथ्यों की जानकारी प्राप्त की. कार्यक्रम में क्लब के अध्यक्ष लायन गुणेश साने, पीडीजी लायन सीए अभय शास्त्री, लायन सुनील सुखात्मे, लायन नेऊरगांवकर तथा लायन प्रकाश सुखात्मे उपस्थित रहे. सभी पदाधिकारियों ने नागरिकों से प्रत्यक्ष संवाद कर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया. इस अवसर पर अध्यक्ष लायन गुणेश साने ने कहा कि लायन्स क्लब अपने ध्येय वाक्य ‘थश डर्शीींश’ (हम सेवा करते हैं) के अनुरूप समाज में राष्ट्रीय प्रतीकों, संविधान और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा. उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल देश की पहचान नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, गौरव और प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी का प्रतीक है. क्लब का यह अभियान नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई है.