मुंबई, 23 जुलाई (वि.प्र.) नीट परीक्षा के पेपर लीक मामले काे लेकर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलाें पर तीखा हमला बाेला है.
फडणवीस ने विपक्ष काे सड़काें पर हंगामा करने के बजाय संसद में आकर स्वस्थ चर्चा करने की खुली चुनाैती दी. उन्हाेंने कहा कि अगर राहुल गांधी में वाकई लाेकतंत्र और संविधान में विश्वास है, ताे उन्हें संसद के पटल पर अपनी बात रखनी चाहिए्.
विपक्ष केवल छात्राें के कंधे पर बंदूक रखकर अपनी राजनीतिक राेटियां सेंकना चाहता है, जबकि कर्नाटक, तेलंगाना और राजस्थान जैसे कांग्रेस शासित राज्याें में आठ-आठ बार पेपर लीक हाे चुके हैं.
फडणवीस ने केंद्र सरकार की नीतियाें का बचाव करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी के नेतृत्व में दाेषियाें के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है और त्वरित अदालतें गठित की गई हैं. उन्हाेंने याद दिलाया कि कांग्रेस के शासनकाल में शिक्षा का बजट महज 8 हजार कराेड़ रुपये था, जाे आज बढ़कर 1 लाख 39 हजार कराेड़ रुपये हाे गया है. प्रधानमंत्री पर देश काे पूरा भराेसा है और एम्स व आईआईटी जैसे संस्थानाें में छात्राें के लिए नए अवसर खुले हैं. ठाकरे बंधुओं पर पलटवार करते हुए फडणवीस ने आराेप लगाया कि वे छात्र आंदाेलन के जरिए अपनी खाेई हुई राजनीतिक जमीन और अस्तित्व काे वापस तलाशने की काेशिश कर रहे हैं.
उन्हाेंने उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री कार्यकाल की याद दिलाते हुए कहा कि महाराष्ट्र का सबसे बड़ा टेट घाेटाला उन्हीं के शासन में हुआ था, जिसमें उनकी सरकार के लाेग शामिल थे. प्रदर्शन के दाैरान सामने आए मुंबई पुलिस के विवादित वायरल वीडियाे पर फडणवीस ने स्पष्ट किया कि प्रशासन ने इसका गंभीर संज्ञान लिया है. संबंधित पुलिस अधिकारी पर तुरंत कार्रवाई की गई है और मामले की जांच जारी है.