हडपसर, 23 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) हडपसर-मांजरी क्षेत्र में नागरिकाें काे अतिक्रमण, यातायात जाम तथा विभिन्न नागरिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. इन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियाें और स्थानीय जनप्रतिनिधियाें ने संयुक्त रूप से क्षेत्र का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया.
आगामी समय में इस क्षेत्र में मेट्राे परियाेजना का कार्य शुरू हाेने वाला है. इसे ध्यान में रखते हुए भविष्य में उत्पन्न हाेने वाली संभावित समस्याओं की समीक्षा कर आवश्यक याेजना बनाने के उद्देश्य से यह निरीक्षण किया गया.
स्थानीय नागरिकाें तथा संबंधित जनप्रतिनिधियाें की ओर से अतिक्रमण, यातायात जाम और विकास कार्याें काे लेकर लगातार सुझाव एवं शिकायतें प्राप्त हाे रही थीं. इसी के मद्देनजर संबंधित विभागाें के अधिकारियाें के साथ माैके पर निरीक्षण कर विभिन्न समस्याओं की विस्तार से समीक्षा की गई. इस दाैरान संबंधित विभागाें काे आवश्यक उपाय तत्काल लागू करने के निर्देश भी दिए गए.
निरीक्षण के दाैरान स्थायी समिति अध्यक्ष श्रीनाथ भिमाले, अतिरिक्त आयुक्त ओमप्रकाश दिवटे, महामेट्राे के वरिष्ठ उपमहाप्रबंधक आशुताेष झा, नगरसेवक प्रशांत तुपे, डाॅ. दादा काेद्रे, अजित घुले, सरिता घुले, पायल तुपे, पूर्व नगरसेविका नंदा अबनावे, मारुति तुपे, उपायुक्त अरविंद माली, निखिल माेरे, साेमनाथ बनकर, प्रशांत ठाेंबरे, अधीक्षक अभियंता अजय वायसे तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.