(ज्ञानेश्वर बिजले द्वारा) पुणे, 23 जुलाई पुणे रेलवे स्टेशन पर वर्तमान में छह प्लेटफाॅर्म हैं और अब यहां छह नए प्लेटफाॅर्म बनाए जाएंगे. पुणे रेलवे स्टेशन के विस्तार की चर्चा पिछले कई वर्षाें से चल रही थी. अब प्लेटफाॅर्म क्रमांक 11 और 12 के निर्माण का कार्य वास्तविक रूप से शुरू कर दिया गया है. रेलवे स्टेशन से सटे माल गाेदाम की जमीन पर ये छह नए प्लेटफाॅर्म बनाए जाएंगे. इनके लिए अलग प्रवेश द्वार, टिकट खरीद केंद्र तथा यात्रियाें के लिए प्रतीक्षालय का निर्माण भी किया जाएगा.
रेल मंत्री ने किया निरीक्षण रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पिछले महीने पुणे का दाैरा किया था. इस दाैरान उन्हाेंने पुणे रेलवे स्टेशन के कार्याें की समीक्षा की. रेलवे स्टेशन के विस्तार और अन्य कार्याें के लिए 600 कराेड़ रुपये मंजूर किए गए हैं. पुणे स्टेशन पर लगातार बढ़ते दबाव काे देखते हुए रेलवे प्रशासन ने छह नए प्लेटफाॅर्म बनाने का निर्णय लिया. मंजूरी मिलने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू हाे गया है. रेल मंत्री वैष्णव ने खड़की और हडपसर रेलवे स्टेशनाें का भी निरीक्षण किया था.
पुणे की कुछ ट्रेनें खड़की और हड़पसर से भी चलेंगी पुणे रेलवे स्टेशन के विस्तार कार्य में तेजी आने के बाद वर्तमान में पुणे से सीधे चलने वाली कुछ ट्रेनाें काे खड़की और हडपसर रेलवे स्टेशन से संचालित किया जाएगा. इन दाेनाें स्टेशनाें के विस्तार का कार्य पिछले दाे वर्षाें में पूरा हाे चुका है.
इसलिए आने वाले कुछ महीनाें में पुणे स्टेशन से चलने वाली कुछ ट्रेनाें काे हडपसर और खड़की स्टेशन पर स्थानांतरित करने का निर्णय रेलवे प्रशासन ले सकता है.
छह प्लेटफाॅर्म के निर्माण पर 129 कराेड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. प्लेटफाॅर्म क्रमांक 11 और 12 के लिए भूमि समतलीकरण तथा नींव का कार्य शुरू हाे चुका है, जाे स्थल निरीक्षण के दाैरान स्पष्ट रूप से दिखाई देता है. नए प्लेटफाॅर्म के निर्माण के साथ-साथ वर्तमान में माैजूद प्लेटफाॅर्म की लंबाई भी बढ़ाई जाएगी. इससे पुणे स्टेशन के सभी प्लेटफाॅर्म इतने लंबे हाे जाएंगे कि उन पर 24 डिब्बाें वाली ट्रेनें आसानी से रुक सकेंगी.
पहले प्लेटफाॅर्म क्रमांक 11 और 12 का निर्माण पूरा हाेने के बाद प्लेटफाॅर्म क्रमांक 9 और 10 के निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा. अगले एक वर्ष में सभी छह नए प्लेटफाॅर्म का निर्माण पूरा करने की याेजना बनाई गई है.
पुणे रेलवे स्टेशन की क्षमता में हाेगी बड़ी बढ़ाेतरी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी हेमंत कुमार बेहरा ने कहा कि प्लेटफाॅर्म क्रमांक 11 और 12 का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है. यह कार्य फिलहाल प्रारंभिक चरण में है. छह नए प्लेटफाॅर्म बनने के बाद पुणे रेलवे स्टेशन की क्षमता में बड़ी वृद्धि हाेगी. इसके बाद नई ट्रेनाें की शुरुआत की जाएगी. यात्रियाें काे भी बड़ी सुविधा मिलेगी.