बुधवार पेठ, 24 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
ज्ञानोबा माउली, तुकाराम...के जयघोष के साथ कई मील पैदल यात्रा करते हुए विट्ठल-रुक्मिणी के दर्शन की आस लेकर जाने वाले लाखों वारकरियों को श्रीमंत दगडूसेठ हलवाई सार्वजनिक गणपति ट्रस्ट की ओर से स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं. आषाढ़ी वारी के दौरान पूरे पैदल प्रवास के साथ-साथ प्रत्येक पड़ाव पर स्वास्थ्य सेवा,मुफ्त दवा वितरण और पीने के पानी की व्यवस्था भी की गई. संतश्रेष्ठ ज्ञानेेशर महाराज, जगद्गुरु तुकाराम महाराज और संत सोपानकाका के पालकी समारोह के साथ वारकरियों की सेवा के लिए तीन सुसज्जित एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई. जय गणेश रुग्णसेवा अभियान के तहत यह उपक्रम हर साल चलाया जाता है. इसके तहत डॉक्टरों की टीम, दवाइयां और स्वास्थ्य सेवाएं पालकी समारोह के समापन तक नि:शुल्क प्रदान की जा रही हैं. श्रीमंत दगडूसेठ हलवाई सार्वजनिक गणपति ट्रस्ट और सुवर्णयुग तरुण मंडल की ओर से ये एम्बुलेंस पालकियों के साथ पुणे से रवाना हुई थीं. इसके अलावा, वारकरियों की सुविधा के लिए पीने के पानी के टैंकर भी भेजे गए थे. ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील रासने, उपाध्यक्ष एवं पहल के योजनाकार डॉ. रामचंद्र उर्फ बालासाहेब परांजपे, उपाध्यक्ष माणिक चव्हाण, कोषाध्यक्ष महेश सूर्यवंशी, महासचिव एवं विधायक हेमंत रासने, सह-सचिव अमोल केदारी, उत्सव प्रमुख अक्षय गोड़से, सुवर्णयुग तरुण मंडल के अध्यक्ष प्रकाश चव्हाण, ट्रस्ट के चिकित्सा विभाग प्रमुख राजेंद्र परदेशी सहित मंडल के पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में यह उपक्रम चलाया जाता है. इस पहल का यह 37वां वर्ष है. बताया गया है कि, पालकी समारोह जहां-जहां विश्राम के लिए रुकता है, वहां श्रीमंत दगडूसेठ हलवाई गणपति ट्रस्ट और सहयोगी चिकित्सा संस्थाओं की ओर से मोबाइल डिस्पेंसरी भी चलायी गयी. इसमें विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांचें की गईं. इस सेवा का लाभ लाखों वारकरियों ने उठाया.
तीनों पालकियों के साथ ट्रस्ट द्वारा व्यवस्था गई
डॉ. रामचंद्र उर्फ बालासाहेब परांजपे ने कहा, वारकरियों के स्वास्थ्य की देखभाल करते हुए, उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं तुरंत मिलें, इसके लिए इस उपक्रम का आयोजन किया जाता है. तीनों पालकियों के साथ ट्रस्ट की व्यवस्था थी, जहां स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं.