लाेनावला, 24 जुलाई (आ.प्र.) पिंपरी-चिंचवड़ शहर और आसपास के मावल क्षेत्र में भारी बारिश की जाेरदार वापसी से जनजीवन प्रभावित हुआ है.
लाेनावला, खंडाला और पूरे मावल जलग्रहण क्षेत्र में हाे रही मूसलाधार बारिश से नदियां-नाले उफान पर हैं. शहर काे पेयजल आपूर्ति करने वाला प्रमुख पवना बांध शुक्रवार दाेपहर तक 98 प्रतिशत भर चुका है. बढ़ते जलस्तर काे देखते हुए सिंचाई विभाग ने पवना नदी में 5,600 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज शुरू कर दिया है. सिंचाई विभाग के अनुसार, पवना बांध के छह स्पिलवे दरवाजाें से 4,200 क्यूसेक और पावर हाउस से 1,400 क्यूसेक पानी छाेड़ा जा रहा है. बारिश की तीव्रता बढ़ने पर किसी भी समय पानी की निकासी बढ़ाई जा सकती है. इसके चलते पवना, इंद्रायणी, आंध्रा और कुंडलिका इन नदियाें का जलस्तर बढ़ गया है.