मुंबई, 25 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) मुंबई प्रेस क्लब के 24 जुलाई के चुनाव परिणाम ने पूरे प्रेस जगत को चौंका दिया है. सेव द प्रेस क्लब एलायंस ने सभी पदों और पूरी कार्यकारिणी पर शानदार जीत दर्ज करते हुए एकतरफा जीत हासिल की जो पिछले अध्यक्ष की मनमानी और सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार की अभिव्यक्ति थी. क्लब के सदस्यों द्वारा एलायंस के पक्ष में दिया गया स्पष्ट और निर्णायक जनादेश इसे दर्शाता है. हिंदुस्तान टाइम्स के सुरेंद्र गांगण ने 582 मत प्राप्त कर एबीपी के दिल्ली से इम्पोर्ट किये गए राजीव खांडेकर को पराजित कर अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की. वहीं द फ्री प्रेस जर्नल के वरिष्ठ पत्रकार एस. बालकृष्णन ने 510 मत प्राप्त कर न्यूज-18 के मयूरेश गणपत्ये को हराकर चेयरपर्सन पद जीता. डेली सकाल के पांडुरंग म्हस्के उपाध्यक्ष पद हासिल किया तो फ्रीलांस पत्रकार अनिल सिंह ने 513 मत प्राप्त कर महाराष्ट्र टाइम्स के सौरभ शर्मा को हराते हुए सचिव पद अर्जित किया. लोकशाही मराठी टीवी के सुधाकर कश्यप संयुक्त सचिव बने तो उधर दैनिक जागरण के वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश तिवारी ने 487 मत हासिल कर अपनी लोकप्रियता का लोहा मनवाया. नवनिर्वाचित प्रबंध समिति में वैभव परब (530), स्वप्निल शिंदे (502), पूनम अपराज (494), मनीषा रेगे (491), अनिता शुक्ला (474), शाहिद अंसारी (449), मुंबई हिन्दी पत्रकार संघ के अध्यक्ष आदित्य दुबे (427), मधु नैनन (396), के. जे. बेन्नीचन (387) तथा उमेश गोस्वामी (380 शामिल ह्ैं. नवनिर्वाचित प्रबंध समिति मुंबई की मीडिया बिरादरी की भाषाई विविधता को दर्शाती है. निर्वाचित प्रतिनिधियों में आठ अंग्रेजी मीडिया, छह मराठी मीडिया, पांच हिंदी मीडिया, एक गुजराती मीडिया से हैं, जबकि एक फोटो पत्रकार भी समिति में शामिल ह्ैं. इससे मुंबई प्रेस क्लब में विभिन्न मीडिया वर्गों के व्यापक प्रतिनिधित्व की झलक मिलती है.