कसबा पेठ, 25 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) शिक्षा के क्षेत्र में सौ वर्षों की गौरवशाली परंपरा वाले द पूना गुजराती केलवणी मंडल (पीजीकेएम) के शताब्दी महोत्सव का आयोजन रविवार (26 जुलाई) को शाम 4.30 बजे किया गया है. गणेश कला क्रीड़ा मंच (स्वारगेट) में इस भव्य शताब्दी समारोह का उद्घाटन गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल के हाथों होगा. 26 जुलाई 1926 से 26 जुलाई 2026 के इस सौ वर्षों के दीर्घ कालखंड में ‘द पूना गुजराती केलवणी मंडल’ ने शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देते हुए ज्ञान, संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की एक समृद्ध परंपरा का निर्माण किया है. इस गौरवशाली शैक्षणिक यात्रा का सम्मान करने के लिए ही शिक्षा में उत्कृष्टता के 100 वर्ष की गौरवपूर्ण संकल्पना के साथ इस शताब्दी महोत्सव का आयोजन किया गया है. आयोजकों ने बताया कि केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, महाराष्ट्र की राज्य मंत्री माधुरी मिसाल और पुणे की महापौर मंजूषा नागपुरे की उपस्थिति में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में सभी छात्रों और शुभचिंतकों को आमंत्रित किया गया है. इस कार्यक्रम में मंडल के अध्यक्ष डॉ. राजेश शाह, उपाध्यक्ष जनक शाह, सचिव हेमंत मणियार के साथ-साथ मंडल के सभी ट्रस्टी, काउंसिल सदस्य, गणमान्य व्यक्ति, शिक्षाप्रेमी, प्रोफेसर, कर्मचारी, छात्र, पूर्व छात्र और शुभचिंतक उपस्थित रहेंगे. उल्लेखनीय है कि‘ प्रवृत्तिलक्षणो योगः’ के आदर्श वाक्य को अपनाते हुए शताब्दी समारोह सिर्फ पिछली उपलब्धियों को याद करने का मौका नहीं है, बल्कि शिक्षा के जरिए सामाजिक विकास के दायरे को बढ़ाने का एक नया संकल्प भी है.एक सदी से चली आ रही समृद्ध विरासत और दूरदर्शी सोच के साथ, दि पूना गुजराती केलवणी मंडल नई सदी में भी ज्ञान, मूल्यों और प्रगति की ज्योति को प्रज्वलित रखने के लिए प्रतिबद्ध है.