चाकण, 26 जुलाई (आ.प्र.) चाकण शहर की बढ़ती आबादी और व्यापारिक गतिविधियाें के बीच स्थायी सब्जी मंडी का मुद्दा वर्षाें से लंबित है. नियाेजित जगह के अभाव में सब्जी विक्रेता मुख्य सड़काें और फुटपाथाें पर दुकानें लगा रहे हैं. इससे प्रतिदिन भीषण ट्रैफिक जाम, पैदल यात्रियाें काे असुविधा और हादसाें का खतरा बना हुआ है. स्थानीय नागरिकाें में नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी व्याप्त है. व्यापारियाें और खरीदाराें की सबसे बड़ी शिकायत बुनियादी सुविधाओं का न हाेना है. सड़क पर बैठने वाले विक्रेताओं से राेजाना वसूली (पावती) ताे की जाती है, लेकिन शहर के प्रमुख चाैकाें पर महिलाओं, छात्राओं और श्रमिकाें के लिए एक अदद साफ-सुथरा सार्वजनिक शाैचालय तक उपलब्ध नहीं है. सामाजिक कार्यकर्ता निखिल शेवकरी का कहना है, सड़काें पर पावती काटने के बजाय महिलाओं के लिए सम्मानजनक स्वच्छता गृह बनाएं, तभी विकास के दावे सच्चे साबित हाेंगे.
चाकण नगर परिषद प्रशासन अब हरकत में आया है. नगर परिषद के मुख्याधिकारी डाॅ. अंकुश जाधव ने बताया कि समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए विस्तृत कार्ययाेजना पर काम शुरू कर दिया गया है. शहर के भीड़भाड़ वाले चाैकाें, स्कूलाें, बस स्टैंड और मंदिराें के आसपास नाे-हाॅकर जाेन घाेषित किया जाएगा. कम भीड़ वाले इलाकाें में विक्रेताओं के लिए हाॅकर जाेन बनाए जाएंगे.