हैदराबाद, 26 जुलाई (वि.प्र.) तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने शनिवार काे कहा कि लाेकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ने की न्यूनतम उम्र 25 साल से घटाकर 21 साल करने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा. इसके बाद, इसे केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा.
हैदराबाद में नीट पेपर लीक मामले काे लेकर आयाेजित कैंडल लाइट रैली में उन्हाेंने ने यह बात कही. अगस्त के पहले हफ्ते में विधानसभा और विधान परिषद का विशेष सत्र बुलाया जाएगा. रेवंत रेड्डी ने कहा कि देश की आबादी में युवाओं (जेन जी) की हिस्सेदारी 30 फीसदी है, लेकिन लाेकसभा में उनका प्रतिनिधित्व एक फीसदी से भी कम है. उन्हाेंने कहा कि अगर 21 साल से अधिक उम्र के युवा मंत्री बनेंगे, ताे देश का भविष्य बदलेगा. इसके लिए संविधान में संशाेधन की जरूरत है. सीएम ने उदाहरण देते हुए कहा कि जर्मनी और ब्रिटेन में 18 साल का युवा प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति बन सकता है. सिंगापुर में 21 साल का व्यक्ति प्रधानमंत्री बन सकता है. उन्हाेंने कहा कि भारत में भी 21 साल के युवा आईएएस, आईपीएस अधिकारी, मेयर और जिला परिषद अध्यक्ष बन सकते हैं. रेवंत रेड्डी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के फैसले काे याद किया, जिन्हाेंने मतदान की उम्र 21 से घटाकर 18 साल की थी. साथ ही, पूर्व पीएम पीवी नरसिम्हा राव ने 21 साल के युवाओं काे मेयर और जिला परिषद अध्यक्ष का चुनाव लड़ने का अधिकार दिया था.
सीएम ने कहा कि अगर राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनते हैं, ताे वे यह सुनिश्चित करेंगे कि काेई युवा नेता केंद्रीय शिक्षा मंत्री बने. उन्हाेंने कहा कि वे इंडिया गठबंधन के नेताओं से बात करेंगे ताकि युवा संसद में पहुंचकर अपनी आवाज उठा सकें.