पुणे,28 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) ओशाे इंटरनेशनल मेडिटेशन रिसाॅर्ट में 10 से 16 अगस्त 2026 तक आयाेजित हाेने वाला ‘ओशाे माॅनसून फेस्टिवल ऑफ मेडिटेशन एंड म्यूज़िक’ एक बार फिर ध्यान, संगीत और आत्म-अनुभूति का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा.
सात दिनाें तक चलने वाले इस वार्षिक उत्सव में भारत और विदेशाें से ध्यान साधक, संगीत प्रेमी और पर्यटक भाग लेंगे. माॅनसून की हरियाली के बीच आयाेजित हाेने वाला यह फेस्टिवल प्रतिभागियाें काे ध्यान, उत्सव और आंतरिक खाेज का विशेष अनुभव प्रदान करेगा.
फेस्टिवल में ओशाे द्वारा विकसित ध्यान पद्धतियाें काे लाइव संगीत के साथ प्रस्तुत किया जाएगा. पूरे सप्ताह के दाैरान 18 विशेष ध्यान सत्र और 7 संगीत कार्यक्रम आयाेजित किए जाएंगे, जिससे प्रतिभागियाें काे ध्यान और कला का गहन अनुभव प्राप्त हाेगा. इस वर्ष फेस्टिवल का प्रमुख आकर्षण ‘मेडिटेशंस फाॅर बिजी पीपल’ रहेगा. दाेपहर में आयाेजित हाेने वाली एक घंटे की इस विशेष श्रृंखला में अनुभवी संचालक दिल, मन, हारा, श्वास और पहली बार शामिल किए गए ‘मेंटैस्टिक माइंडफुलनेस’ जैसे विषयाें पर व्यावहारिक ध्यान तकनीकाें का मार्गदर्शन देंगे, जिन्हें दैनिक जीवन में आसानी से अपनाया जा सकेगा.
प्रतिदिन की शुरुआत खुले वातावरण में स्थित ‘बुद्धा ग्राेव’ में ताई ची, ची गाेंग, सूफी व्हर्लिंग और गुर्जियेफ मूवमेंट्स जैसी गतिविधियाें से हाेगी. वहीं, हर शाम ओशाे ऑडिटाेरियम में आयाेजित हाेने वाला ‘व्हाइट राेब ब्रदरहुड’ संगीत, उत्सव और माैन के अद्वितीय समन्वय के साथ प्रतिभागियाें काे सामूहिक ध्यान का अनुभव कराएगा.
फेस्टिवल का एक महत्वपूर्ण आकर्षण लाइव संगीत प्रस्तुतियां भी हाेंगी. मुंबई और अहमदनगर के कलाकार तथा संगीत समूह पूरे सप्ताह अपनी प्रस्तुतियाें से माहाैल काे आध्यात्मिक और उत्सवमय बनाएंगे.
11 अगस्त काे प्रसिद्ध कव्वाली गायक पवन श्रीकांत नाइक और उनका समूह सूफी दरबार प्रस्तुति देगा, जबकि 14 अगस्त काे विख्यात वायलिन वादक दीपक पंडित अपने मुंबई स्थित बैंड के साथ ‘दिल से रूह तक’ शीर्षक की विशेष संगीत संध्या प्रस्तुत करेंगे.