दगड़ूसेठ हलवाई दत्त मंदिर में गुरु पूर्णिमा उत्साह से संपन्न

विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन :सुबह से रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़

    30-Jul-2026
Total Views |
bfsb
बुधवार पेठ, 29 जुलाई (आ.प्र.)

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार (29 जुलाई) को कै. श्रीमती लक्ष्मीबाई दगडूसेठ हलवाई दत्त मंदिर ट्रस्ट की ओर से दत्त मंदिर में दिनभर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों और भक्तिमय आयोजनों की व्यवस्था की गई. आकर्षक फूलों की सजावट, मंत्रोच्चार और दत्त नाम के जयघोष से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया था. श्री दत्तगुरु के दर्शन के लिए तड़के से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी. गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर सुबह 7 से 10 बजे और दोपहर 11 से 3 बजे के बीच ‌‌‘दत्त याग‌‌’ का आयोजन किया गया. इस दौरान ‌‌‘दत्त अभिषेक‌‌’ भी संपन्न हुआ. राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा संसदीय कार्य मंत्री चंद्रकांत दादा पाटिल के हाथों दोपहर की महाआरती संपन्न हुई. वहीं, शाम को अभिनेत्री तेजस्विनी पंडित और स्नेहल-प्रवीण तरडे दंपति द्वारा महाआरती की गई. रात 10 बजे पारंपरिक पालकी समारोह के साथ गुरु पूर्णिमा महोत्सव का समापन हुआ. इस वर्ष गुरु पूर्णिमा उत्सव के अवसर पर दत्त मंदिर में आकर्षक विद्युत रोशनी और फूलों की सजावट की गई थी. सुव्यवस्थित प्रबंधन के कारण श्रद्धालुओं ने शांति और अनुशासन के साथ श्री दत्त के दर्शन किए. इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष पुनीत बालन, कार्यकारी ट्रस्टी राजू बलकवडे, उपाध्यक्ष एड. विवेक भरगुडे एवं वर्षा थोरवे, कोषाध्यक्ष एड. सूरज थोरात, उत्सव प्रमुख नितिन पंडित, उप-उत्सव प्रमुख मनीषाताई खेडेकर, तथा ट्रस्टी डॉ. पराग कालकर और महेंद्रसेठ गाडवे उपस्थित थे.