निगडी , 29 जुलाई (आ.प्र.) जीवन के महत्वपूर्ण चार वर्ष इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने के लिए देने होते हैं. पीसीयू के उच्च शिक्षा प्राप्त प्राध्यापकों के मार्गदर्शन में छात्र अपने कॅरियर की नींव रखें, इसके लिए पीसीईटी ने गुणवत्ता आधारित शिक्षण व्यवस्था स्थापित की है, इसका लाभ उठाएं और अपने माता, पिता एवं गुरुजनों को गर्व महसूस हो, ऐसा कर्तृत्व सिद्ध करें, यह मार्गदर्शन पीसीयू के कुलाधिपति हर्षवर्धन पाटिल ने दिया. पिंपरी चिंचवड़ एजुकेशन ट्रस्ट के साते, वड़गांव मावल स्थित पिंपरी चिंचवड़ यूनिवर्सिटी (पीसीयू) कैंपस में ‘स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी’ के छात्रों के लिए दीक्षारंभ स्वागत समारोह का आयोजन किया गया था. इस अवसर पर अध्यक्षीय भाषण देते हुए हर्षवर्धन पाटिल ने छात्रों का मार्गदर्शन किया. इस दौरान प्रथम वर्ष बीटेक के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में मनपा के आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी, लार्सन एंड टुब्रो कंपनी के जनरल मैनेजर के. वेंकटेशन, पीसीयू के कुलपति डॉ. संतोष सोनवणे, पीसीयू के सलाहकार डॉ. शीतलकुमार रवंदले, आउटरीच एवं एडमिशन प्रमुख डॉ. रामदास बिरादार आदि उपस्थित थे. आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी ने पीसीयू की उत्कृष्ट बुनियादी सुविधाओं की सराहना की. उन्होंने छात्रों को अनुशासन, खेल, सह-शैक्षणिक गतिविधियों और ‘लिंक्डइन’ जैसे व्यावसायिक नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग कर हर अवसर का पूरा लाभ उठाने की सलाह दी.