
पुणे, 30 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
राष्ट्रवादी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. अजित पवार के पुत्र पार्थ पवार और कायनात दारा की सगाई बुधवार को पुणे के एक भव्य समारोह में संपन्न हुई. शहर के ‘द रिट्ज-कार्लटन’ होटल में आयोजित इस समारोह में परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और चुनिंदा मेहमानों के साथ राजनीतिक, सामाजिक और उद्योग जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं. सगाई समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. पार्थ पवार और कायनात दारा के पारंपरिक परिधानों, आकर्षक सजावट और समारोह की भव्यता की व्यापक चर्चा हो रही है. समारोह में राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रमुख शरद पवार, सांसद सुप्रिया सुले, वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित कई राजनीतिक हस्तियों ने नवयुगल को शुभकामनाएं दीं. सभी नेताओं की उपस्थिति ने समारोह को विशेष बना दिया. पेस्टल ब्लू कलर की कढ़ाईदार साड़ी में बेहद खूबसूरत नजर आईं कायनात दारा इस अवसर पर पार्थ पवार ने क्रीम रंग की पारंपरिक शेरवानी पहनी थी, जबकि कायनात दारा पेस्टल ब्लू रंग की खूबसूरत कढ़ाईदार साड़ी में नजर आईं. डायमंड ज्वेलरी, हल्के मेकअप और सिर पर ओढ़नी के साथ उनका पारंपरिक एवं आकर्षक अंदाज लोगों का ध्यान आकर्षित करता रहा. समारोह स्थल को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था. प्रवेशद्वार पर भगवान श्रीगणेश की विशाल पुष्प प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र रही. पूरे कार्यक्रम में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आत्मीय और उत्सवी माहौल देखने को मिला.