कुदलवाड़ी, 30 जुलाई (आ.प्र.)
कुदलवाड़ी परिसर स्थित विष्णु ग्रीन्स साेसायटी के सामने कचरा जमा हाेने की समस्या और स्थानीय नागरिकाें काे आ रही विभिन्न नागरिक समस्याओं का महापाैर रवि लांडगे ने गुरुवार काे प्रत्यक्ष निरीक्षण किया. इस दाैरान उन्हाेंने नागरिकाें से संवाद कर परेशानियां और शिकायतें सुनीं. निरीक्षण के दाैरान नागरिकाें ने परिसर में भारी मात्रा में कचरा एकत्र हाेने से फैलने वाली गंदगी, बार-बार प्लास्टिक, टायर और अन्य कबाड़ में आग लगाने से हाेने वाले वायु प्रदूषण और क्षेत्र की स्वच्छता से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए. इन सभी बाताें का महापाैर रवि लांडगे ने संबंधित अधिकारियाें के साथ माैके पर जाकर जायजा लिया और विस्तृत जानकारी प्राप्त की.
इसके बाद महापाैर रवि लांडगे ने अतिरिक्त आयुक्त कुलदीप जंगम, उपायुक्त डाॅ. प्रदीप ठेंगल और क्षेत्रीय अधिकारी अजिंक्य येले के साथ विस्तृत चर्चा की. इस अवसर पर कचरा प्रबंधन काे अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक उपाय, नियमित सफाई, अवैध रूप से कचरा फेंकने पर राेक, प्रदूषण राेकने के लिए समन्वित कार्रवाई और नागरिकाें की शिकायताें का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए गए. महापाैर ने संबंधित अधिकारियाें काे स्पष्ट आदेश दिए कि अगले 15 दिनाें के भीतर विष्णु ग्रीन्स परिसर की कचरा समस्या के स्थायी समाधान के लिए एक एक्शन प्लान तैयार कर उसे प्रभावी ढंग से लागू किया जाए. साथ ही उन्हाेंने यह भी निर्देश दिया कि कचरा दाेबारा न जमे, परिसर हमेशा साफ-सुथरा रहे और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियाें पर कड़ी कार्रवाई हाे, इसके लिए सभी संबंधित विभाग मिलकर काम करें.कुदलवाड़ी क्षेत्र की विष्णु ग्रीन्स साेसायटी के सामने कचरे की समस्या सिर्फ स्वच्छता का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह नागरिकाें के स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़ा एक बेहद गंभीर मामला है. इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियाें काे अगले 15 दिनाें में प्रभावी कदम उठाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं.