अधिकारियों पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज करें

मोशी मामले में रोहित पवार द्वारा दस दिनों में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

    31-Jul-2026
Total Views |

PimpriChinchwad 
पिंपरी, 30 जुलाई (आ.प्र.)
माेशी कचरा डिपाे के ‘वेस्ट-टू-एनर्जी’ प्राेजेक्ट में हुई दुर्घटना के लिए संबंधित कंपनी और मनपा के अधिकारी जिम्मेदार हैं. इसलिए इस कंपनी के निदेशकाें और मनपा के संबंधित अधिकारियाें के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए, यह मांग राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के विधायक राेहित पवार ने गुरुवार (30 जुलाई) काे की. इसके साथ ही उन्हाेंने चेतावनी दी कि यदि अगले दस दिनाें में आयुक्त ने यह कार्रवाई नहीं की, ताे शहर में आंदाेलन किया जाएगा.
 
विधायक द्वारा मनपा में आयाेजित बैठक में आयुक्त डाॅ. विजय सूर्यवंशी उपस्थित नहीं थे, जबकि यह बैठक अतिरिक्त आयुक्त विक्रांत बगाड़े की उपस्थिति में संपन्न हुई.
 
इस दाैरान विधायक राेहित पवार ने घटना के जिम्मेदार लाेगाें के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि अगले दस से बारह दिनाें में इस पर काेई कार्रवाई नहीं हुई, ताे शहर में बड़ा आंदाेलन किया जाएगा.तत्पश्चात मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक पवार ने कहा कि उन्हाेंने माेशी कचरा डिपाे हादसे में घायल कर्मचारियाें के परिजनाें से मुलाकात की है और परिजनाें ने कई गंभीर मुद्दे उठाए हैं. मनपा ने जाे वेस्ट-टू-एनर्जी प्राेजेक्ट बनाया है, उसमें कई नियमाें काे ताक पर रख दिया गया.
 
महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बाेर्ड द्वारा नाेटिस दिए जाने के बावजूद मनपा ने इसे नजरअंदाज किया. प्राेजेक्ट की क्षमता 700 टन थी, लेकिन वहां 1200 टन कचरा डाला जा रहा था. कचरे के प्राेसेसिंग के नाम पर काॅन्ट्रै्नटर ने अपनी जेबें भरीं और अधिकारियाें ने भी उसका साथ दिया.
 
उन्हाेंने कहा कि मुख्य अभियंता संजय कुलकर्णी और कार्यकारी अभियंता याेगेश आल्हाट काे निलंबित किया गया है, लेकिन केवल इतनी कार्रवाई काफी नहीं है. इस घटना के लिए जिम्मेदार हर व्यक्ति पर मामला दर्ज हाेना चाहिए. इसी वजह से संबंधित अधिकारियाें और कंपनी के निदेशकाें के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की गई है.
 
उन्हाेंने यह भी आराेप लगाया कि अधिकारी आल्हाट ने फर्जी डिग्री के आधार पर पद हासिल किया है, जिसकी भी जांच हाेनी चाहिए. उम्मीद है आयुक्त इस पर उचित फैसला लेंगे.