मुंबई, 30 जुलाई (वि.प्र.)
कर्जत-लाेनावला के बेहद दुर्गम और चुनाैतीपूर्ण घाट खंड में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण बाधित हुआ मुंबई-पुणे रेल मार्ग 23 दिनाें के अथक परिश्रम के बाद पूरी तरह बहाल कर दिया गया है.
मध्य रेल की समर्पित टीम ने खंडाला और मंकी हिल के बीच सबसे कठिन मानी जाने वाली अप लाइन काे सुरक्षित बनाकर 28 जुलाई 2026 काे रेल परिचालन पुनः शुरू कर दिया. बता दें कि 5 और 6 जुलाई काे हुई मूसलाधार बारिश (600 मिमी से अधिक) के कारण लाेनावला-कर्जत खंड में अप, डाउन और मिडतीनाें रेल लाइनें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हाे गई थीं्. इस कारण लगभग 665 ट्रेनें प्रभावित, रद्द या परिवर्तित हुई थीं. इस भीषण प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए मध्य रेल ने 11,745 अधिकारियाें, कर्मचारियाें और संविदा कर्मियाें की एक विशाल टीम तैनात की.
23 दिनाें तक चाैबीसाें घंटे चले इस युद्धस्तरीय अभियान में लगभग 1,40,940 मानव-श्रम घंटाें का याेगदान दिया गया. दुर्गम घाटियाें में सामग्री पहुंचाने के लिए 110 से अधिक रेलवे रेक, 18 जेसीबी, 20 पाेकलेन एक्सकेवेटर और विशालकाय मशीनाें का उपयाेग किया गया.
मिड लाइन काे 7 जुलाई और डाउन लाइन काे 14 जुलाई काे ही बहाल कर लिया गया था, जबकि सबसे गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त अप लाइन काे 28 जुलाई काे सुरक्षित घाेषित किया गया. मध्य रेल ने संकट की इस घड़ी में यात्रियाें द्वारा दिखाए गए धैर्य के लिए उनका आभार व्यक्त किया है और सुरक्षित रेल सेवा प्रदान करने की प्रतिबद्धता दाेहराई है.