मुंबई, 30 जुलाई (वार्ता)
ऑटाे और तेल एवं गैस सेक्टराें में लिवाली से गुरुवार काे घरेलू शेयर बाजाराें में प्रमुख सूचकांकाें में तेजी देखी गयी और बीएसई का सेंसेक्स 273.55 अंक (0.35 प्रतिशत) चढ़कर 77,928.15 अंक पर बंद हुआ. नेशनल स्टाॅक एक्सचेंज का निफ्टी50 सूचकांक भी 66.95 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की बढ़त से 24,317.15 अंक पर पहुंच गया. यह दाेनाें सूचकांकाें का 17 जुलाई के बाद का उच्चतम स्तर है.
निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.33 प्रतिशत व स्माॅलकैप-100 सूचकांक 0.56 प्रतिशत फिसल गया. ऑटाे सेक्टर में ज्यादा लिवाली देखी गयी. तेल व गैस, आईटी, टिकाऊ उपभाेक्ता उत्पाद, मीडिया और धातु सेक्टराें में भी तेजी रही.
सेंसेक्स में मारुति सुजुकी और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर पाैने दाे फीसदी चढ़े.
रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक और पावरग्रिड के शेयर एक से डेढ़ फीसदी तक मजबूत हुए. टेक महिंद्रा, सन फार्मा, एचसीएल टेक्नाेलाॅजीज और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी हरे निशान में रहे.