अभिनेत्री स्नेहल व निर्देशक प्रवीण तरड़े सम्मानित

सूर्यदत्त ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स द्वारा ‌‘सूर्यभारत सूर्यभूषण‌’ राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान

    04-Jul-2026
Total Views |
vBfc
बावधन, 3 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

मराठी फिल्म उद्योग में वर्तमान में धूम मचा रही फिल्म “देऊळबंद-2’ की सफल टीम को सूर्यदत्त एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित सूर्यदत्त ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया गया. फिल्म जगत में उल्लेखनीय योगदान के लिए अभिनेत्री स्नेहल तरड़े और लेखक-निर्देशक-अभिनेता प्रवीण तरड़े को सूर्यभारत सूर्यभूषण राष्ट्रीय पुरस्कार- 2026 प्रदान किया गया. इस अवसर पर सूर्यदत्त की उपाध्यक्ष एवं सचिव सुषमा चोरडिया, सहयोगी उपाध्यक्ष स्नेहल नवलखा, विद्यावाचस्पती विद्यानंद, वरिष्ठ पत्रकार किरण जोशी, मीडिया सलाहकार जीवराज चोले आदि उपस्थित थे. गौरतलब है कि किसान आत्महत्या जैसे संवेदनशील और ज्वलंत विषय पर आधारित “देऊळबंद-2’ को रिलीज के बाद से ही दर्शकों की ओर से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है. सूर्यदत्त के संस्थापक अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजय बी.चोरडिया के 65वें जन्मदिन के अवसर पर कोथरुड स्थित सिटी प्राइड थिएटर में फिल्म “देऊळबंद-2’ का एक विशेष निःशुल्क शो आयोजित किया गया. इस अवसर पर निर्माता कैलाश वाणी और जुइली वाणी, फिल्म के कलाकार, टेक्निकल टीम, सूर्यदत्त के छात्र, प्राध्यापक और बड़ी संख्या में सिनेमाप्रेमी उपस्थित थे. कार्यक्रम का संचालन प्रो. डॉ.सुनील धनगर ने किया.
 
कलाकृतियों और कलाकारों के सम्मान की परंपरा

 प्रो.डॉ.संजय बी.चोरडिया ने कहा, समाज में सकारात्मक विचार विकसित करने की ताकत ऐसी फिल्मों में होती है. शिक्षा के साथ-साथ समाजोन्मुखी संस्कार देने का कार्य कला और साहित्य करते हैं. इसीलिए ऐसी गुणवत्तापूर्ण कलाकृतियों और कलाकारों का सम्मान करना सूर्यदत्त की परंपरा है.  
 
शिक्षा पर खर्च होगा मुनाफा
प्रवीण तरड़े ने कहा कि, हर कलाकार, तकनीशियन और पर्दे के पीछे काम करने वाले सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों के कारण यह सफलता मिली है. इस फिल्म की कमाई से मिलने वाला पूरा मुनाफा आत्महत्या प्रभावित परिवारों के बच्चों की शिक्षा पर खर्च किया जाएगा.