सस्ंथापक मारुति नवले समेत ट्रस्टियों पर एक और केस दर्ज

स्प्रिंग डेल पब्लिक स्कूल के 28 शिक्षकों ने सिंहगढ़ रोड पुलिस स्टेशन में की शिकायत

    05-Jul-2026
Total Views |
bcdv
सिंहगढ़ रोड, 4 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

पुणे की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था सिंहगढ़ टेक्निकल एजुकेशन सोसायटी के ट्रस्टियों द्वारा शिक्षकों का करोड़ों रुपये का वेतन नहीं देकर उनके साथ बड़ी आर्थिक धोखाधड़ी किए जाने का चौंकाने वाला एक और मामला सामने आया है. वडगांव परिसर स्थित सिंहगढ़ स्प्रिंग डेल पब्लिक स्कूल के 28 शिक्षकों का 5 करोड़ 45 लाख रुपये से अधिक का वेतन बकाया रखकर धोखाधड़ी करने के मामले में संस्था के संस्थापक मारुति निवृत्ती नवले सहित उनके परिवार के अन्य ट्रस्टियों के खिलाफ सिंहगढ़ रोड पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है. यह मामला अप्रैल 2018 से लेकर अब तक का है. इस संबंध में शुक्रवार, 3 जुलाई 2026 को रात 7:33 बजे आधिकारिक रूप से मामला दर्ज किया गया. सिंहगढ़ टेक्निकल एजुकेशन सोसायटी के संस्थापक मारुति निवृत्ती नवले, सचिव सुनंदा मारुति नवले, उपाध्यक्ष रचना नवले उर्फ अष्टेकर, रोहित मारुति नवले तथा संस्था के अन्य संबंधित ट्रस्टियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 316(2), 318(4), 352, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है. इस मामले में शिक्षिका उज्वला शशिकांत थोरात (उम्र-40 वर्ष, निवासी-ओम शांति होम्स, आंबेगांव बुद्रुक) ने शिकायत दर्ज कराई है. शिकायतकर्ता उज्वला थोरात सिंहगढ़ स्प्रिंग डेल पब्लिक स्कूल में प्राथमिक शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने और उनके 27 अन्य सहकर्मी शिक्षकों द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, संस्था ने वेतन रोककर उनके साथ 15 लाख 41 हजार 95 रुपये की आर्थिक धोखाधड़ी की. इसमें 30 महीनों की अवधि का 60 प्रतिशत वेतन तथा अप्रैल 2018 से अक्टूबर 2018 और मार्च 2025 से जून 2026 तक कुल 22 महीनों का 100 प्रतिशत वेतन शामिल है. इसके अलावा अन्य 27 सहकर्मी शिक्षकों का 5 करोड़ 29 लाख 99 हजार 120 रुपये का बकाया वेतन मिलाकर कुल 5 करोड़ 45 लाख 40 हजार 215 रुपये की आर्थिक धोखाधड़ी की गई. शिकायत में कहा गया है कि बार-बार मांग करने और वेतन मांगने के बावजूद संस्था ने वेतन का भुगतान नहीं किया, शिक्षकों और उनके साथ धोखाधड़ी की गई. एक साथ 28 शिक्षकों का करोड़ों रुपये का वेतन बकाया रखे जाने से शिक्षा क्षेत्र में भारी हलचल मच गई है. सिंहगढ़ रोड पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनय पाटणकर, पुलिस निरीक्षक (अपराध) समीर गायकवाड तथा पुलिस उपनिरीक्षक काजले ने तत्काल जांच को गति दी है. धोखाधड़ी मामले में आगे की विस्तृत जांच सिंहगढ़ रोड पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनय पाटणकर कर रहे हैं.