बुधवार पेठ, 4 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) श्रीमंत दगडूसेठ गणपति बाप्पा के दर्शन के लिए आने वाले हजारों भक्तों का मंदिर तक का सफर अधिक सुलभ और आरामदायक हो, इस उद्देश्य से ‘एका eka मोबिलिटी’ की ओर से हाल ही में एक इलेक्ट्रिक वाहन प्रदान किया गया. श्रीमंत दगडूसेठ हलवाई गणपति ट्रस्ट को यह पर्यावरण-अनुकूल इलेक्ट्रिक वाहन दान में दिया गया. इस वाहन का उपयोग पहले चरण में शनिवारवाड़ा से श्रीमंत दगडूसेठ हलवाई गणपति मंदिर मार्ग पर गणेश भक्तों की मुफ्त यात्रा के लिए किया जाएगा. इसके बाद, पुणे रेलवे स्टेशन, एसटी बस स्टैंड आदि स्थानों से बाहर से आने वाले गणेश भक्तों को मंदिर तक पहुंचाने के लिए भी यह सेवा उपलब्ध कराई जाएगी. सुधीर मेहता की कंपनी की ओर से यह वाहन ट्रस्ट को सौंपा गया. इसे ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील रासने, कोषाध्यक्ष महेश सूर्यवंशी सहित अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में स्वीकार किया गया. इस अवसर पर ‘एका eka मोबिलिटी’ की सुनंदा मेहता और अरिहंत मेहता उपस्थित थे. ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील रासने ने कहा, इस वाहन का खर्च लगभग 50 पैसे प्रति किलोमीटर होने के कारण इस सेवा को और अधिक प्रभावी ढंग से चलाना संभव हो सकेगा. अरिहंत मेहता ने कहा, गणेश भक्तों की सेवा के लिए यह मुफ्त सेवा शुरू करते हुए हमें बेहद संतुष्टि और खुशी हो रही है. भविष्य में ट्रस्ट के सहयोग से इस सेवा को और अधिक व्यापक बनाकर, ज्यादा से ज्यादा भक्तों को मंदिर तक पहुंचाने का हमारा प्रयास रहेगा.