उद्धव ठाकरे काे अब राम की याद आ रही : बावनकुले

    06-Jul-2026
Total Views |
 
 
UT
 
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे द्वारा अयाेध्या राम मंदिर निर्माण में कथित अनियमितताओं के खिलाफ 5 तारीख काे राज्यव्यापी घंटी बजाओ और राम रक्षा आंदाेलन की घाेषणा पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने नागपुर में एक प्रेस काॅन्फ्रेंस के दाैरान उद्धव ठाकरे पर जमकर निशाना साधा. बावनकुले ने व्यंग्य करते हुए कहा कि चुनाव प्रचार और कांग्रेस के साथ अपने अपवित्र गठबंधन काे बचाने के लिए भगवान राम से मुंह माेड़ने वाले ठाकरे काे आखिरकार देर-सवेर अक्ल आ ही गई है.
 
उन्हाेंने कहा, जब पूरा देश अयाेध्या जा रहा था, तब उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस-एनसीपी काे खुश रखने के लिए प्रभु राम से दूरी बना ली थी. उन्हाेंने वाेट बैंक के लिए हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे के विचाराें काे भी त्याग दिया. बावनकुले ने आगे कहा कि अब जब सांसद, विधायक और कार्यकर्ता साथ छाेड़ रहे हैं, तब राजनीतिक लाभ के लिए उन्हें राम की याद आ रही है. साकीनाका मैनहाेल दुर्घटना मामले में भाजपा विधायक अमित साटम का बचाव करते हुए बावनकुले ने कहा कि साटम एक संवेदनशील नेता हैं और उनके बयान काे गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है. इसके अलावा, नागपुर ग्रामीण आरटीओ में बाहरी राज्याें के ट्रकाें के अवैध पंजीकरण पर उन्हाेंने कहा कि परिवहन विभाग इस पर कड़ी कार्रवाई कर रहा है.