महापौर व पुलिस आयुक्त द्वारा श्री दत्तगुरु की महाआरती

श्रीमती लक्ष्मीबाई दगडूसेठ हलवाई दत्त मंदिर के 129वें स्थापना दिवस पर किया गया आरती का आयोजन

    07-Jul-2026
Total Views |

fBF


 बुधवार पेठ, 6 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

कै. श्रीमती लक्ष्मीबाई दगडूशेठ हलवाई दत्त मंदिर में सोमवार (6 जुलाई) को पुणे की महापौर मंजूषा नागपुरे और पुलिस आयुक्त अमितेश गुप्ता द्वारा महाआरती की गई. इस अवसर पर महापौर नागपुरे ने श्री दत्तगुरु के दर्शन किए और पुणे शहर के सर्वांगीण विकास व पुणेवासियों के कल्याण के लिए प्रार्थना की. कै. श्रीमती लक्ष्मीबाई दगडूसेठ हलवाई दत्त मंदिर के 129वें स्थापना दिवस के अवसर पर इस आरती का आयोजन किया गया था. इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष पुनीत बालन, कार्यकारी ट्रस्टी राजू बलकवड़े, उपाध्यक्ष एड. विवेक भरगुड़े और वर्षा थोरवे, कोषाध्यक्ष सूरज थोरात, उत्सव प्रमुख नितिन पंडित, उप-उत्सव प्रमुख मनीषाताई खेड़ेकर, आर. एम. धारीवाल फाउंडेशन की अध्यक्षा जाह्नवी धारीवाल-बालन के साथ-साथ ट्रस्टी पराग कालकर और महेंद्रशेठ गाडवे उपस्थित थे. महापौर के हाथों हुई महाआरती के बाद मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बन गया. इस दौरान श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर दत्तगुरु के दर्शन किए. पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने कहा, पुणेवासियों की सुरक्षा का कर्तव्य निभाते हुए, पिछले कई दिनों से श्री दत्त महाराज के दर्शन करने की इच्छा थी, जो आज पूरी हुई. सपत्नीक आरती करने का अवसर मिलना हमारे लिए वास्तव में सौभाग्य की बात है. इसके लिए मैं ट्रस्ट के अध्यक्ष पुनीत बालन और पूरे ट्रस्टी मंडल का दिल से आभार व्यक्त करता हूं.
 
मेरे हाथों पुणेवासियों के हित में निर्णय हों
 बचपन से ही मैं श्री दत्त मंदिर में दर्शन के लिए आ रही हूं. आज दत्तगुरु की आरती करने का सम्मान मिलने से मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं. महापौर पद की बड़ी जिम्मेदारी स्वीकार करने के बाद मेरे हाथों पुणेवासियों के हित में निर्णय लिए जाएं, इस वर्ष संतोषजनक बारिश हो और शहर को पानी की आपूर्ति करने वाले सभी बांध लबालब भर जाएं, ऐसी प्रार्थना मैंने दत्तगुरु के चरणों में की है. - मंजूषा नागपुरे, महापौर, पुणे