18 ग्रोथ सेंटर रोजगार को नई रफ्तार देंगे

रियल इस्टेट सम्मेलन ‌‘प्रॉप कनेक्ट 2026‌’ में पीएमआरडीए आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी ने कहा

    08-Jul-2026
Total Views |
 
BHTEF
 
शिवाजीनगर, 7 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

 प्रोफेशनल रियल्टर्स ऑफ पुणे (प्रॉप) और नेशनल एसोसिएशन ऑफ रियल्टर्स- इंडिया (नार-इंडिया) द्वारा रविवार, 5 जुलाई को आयोजित देश के सबसे बड़े एकदिवसीय रियल इस्टेट सम्मेलन ‌‘प्रॉप कनेक्ट 2026‌’ के उद्घाटन समारोह में पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (पीएमआरडीए) के आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी ने कहा कि, पुणे महानगर क्षेत्र के अगले 20 वर्षों के नियोजित विकास के लिए स्ट्रक्चरल प्लान तैयार किया जा रहा है. इसका प्रारूप जल्द तैयार होगा, जबकि अंतिम योजना अगले 18 महीनों में पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है. इस योजना का उद्देश्य केवल शहर का विस्तार नहीं, बल्कि विकास का संतुलित विकेंद्रीकरण करना है. इसी दिशा में नीति आयोग और महाराष्ट्र सरकार की पहल से पुणे महानगर क्षेत्र में 18 ग्रोथ सेंटर विकसित किए जा रहे हैं, जो रोजगार सृजन और आर्थिक विकास के नए केंद्र बनेंगे. कार्यक्रम में देश के 38 शहरों से आए 2,000 से अधिक रियल्टर्स तथा 300 से अधिक डेवलपर्स और उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया. पूर्व अध्यक्ष दर्शन चावला, वैभव सिसिंटी, सीए सार्थक आहूजा, राजीव तलरेजा ने रियल इस्टेट व्यवसाय के विस्तार पर मार्गदर्शन दिया. प्रसिद्ध हास्य कलाकार विपुल गोयल की प्रस्तुति के साथ सम्मेलन का समापन हुआ. रमेश तोष्णीवाल ने स्वागत किया. ‌‘द पंचशील स्टोरी‌’ नामक विशेष संवाद सत्र में अतुल चोरडिया ने अपने उद्यमी जीवन की यात्रा साझा की. किशन मिलानी और खालिद मेमन ने उनसे संवाद किया. कार्यक्रम का संचालन सुखमणी लांबा ने किया, जबकि प्रीत कोहली ने आभार व्यक्त किया.