
कोथरुड, 7 जुलाई (आ.प्र.) हिमाचल प्रदेश के गवर्नर कविंदर गुप्ता ने सोमवार, 6 जुलाई को एमआईटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी की सदिच्छा भेंट की. उन्होंने एमआईटी डब्ल्यूपीयू के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. राहुल वेिशनाथ कराड के साथ कई मुद्दों पर चर्चा की. उन्होंने ‘लाइफ ट्रांसफॉर्मेशन सेंटर’ (LTC) के विचार को समझा. यह सेंटर छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए बनाया गया है, जो संस्कारों और बदलाव पर आधारित शिक्षा देता है. उन्होंने इच्छा जताई कि हिमाचल प्रदेश के छात्रों को भी इस तरह सीखने का मौका मिले और उन्हें इसका फायदा हो. गवर्नर कविंदर गुप्ता ने ‘स्कूल ऑफ गवर्नमेंट’ को भी करीब से देखा और इसकी तारीफ की. गौरतलब है कि यह पूरे एशिया में अपनी तरह का इकलौता स्कूल है, जिसे यूनिवर्सिटी ने पढ़े-लिखे लोगों को राजनीति में आने के लिए बढ़ावा देने के मकसद से शुरू किया है. उन्होंने कहा कि शिक्षा, नए विचारों और युवाओं को मजबूत बनाकर देश का निर्माण करने का MITWPU का प्रयास यहां साफ दिखाई देता है. इस मौके पर लेखक डॉ. संजय उपाध्ये, नमिष किल्लेमशेट्टी, एमआईटी डब्ल्यूपीयू के रजिस्ट्रार प्रा. गणेश पोकले और अन्य उपस्थित थे.