पीएमआरडीए द्वारा रिंग रोड हेतु 55 करोड़ मंजूर

इससे 17 बड़े पुल, 9 इंटरचेंज व 13 किलोमीटर लंबी सुरंगें बनाई जाएंगी

    08-Jul-2026
Total Views |

BSDBF 
पुणे, 7 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

पीएमआरडीए ने आंतरिक रिंग रोड परियोजना के प्रत्यक्ष निर्माण कार्य तथा प्रारंभिक भूमि अधिग्रहण के लिए वर्ष 2026-27 के बजट में 55.03 करोड़ रुपये का पूंजीगत प्रावधान किया है. 65 मीटर चौड़े इस आधुनिक मार्ग पर यात्रियों की सुविधा के लिए 12.62 किलोमीटर लंबी सुरंगें, 17 बड़े पुल तथा 9 उड़ानपुल (इंटरचेंज) बनाए जाएंगे. यह वृत्ताकार मार्ग हिंजवड़ी आईटी पार्क, चाकण एमआईडीसी और सीधे लोहगांव एयरपोर्ट को जोड़ेगा, जिससे आवागमन का स्तर अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप होगा. पुणे तथा पिंपरी-चिंचवड़ के नागरिकों की यात्रा अधिक सुगम और तेज बनाने के उद्देश्य से पीएमआरडीए ने परियोजना को गति देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. लंबे समय से लंबित 83.12 किलोमीटर लंबी आंतरिक रिंग रोड परियोजना के सभी प्रशासनिक और तकनीकी अवरोध दूर करने में प्राधिकरण को महत्वपूर्ण सफलता मिली है. पीएमआरडीए आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी ने इस परियोजना को आगे बढ़ाने में विशेष पहल की है. उन्होंने अभियांत्रिकी विभाग द्वारा सुझाए गए आधुनिक तकनीकी सुधारों की समीक्षा कर परियोजना का विस्तृत रूपरेखा युद्धस्तर पर अंतिम रूप देने के निर्देश दिए हैं. परियोजना को गति देने के लिए प्रथम चरण में मोशी-आलंदी क्षेत्र के सोलु, निरगुड़ी और वढू खुर्द (वड़गांव शिंदे) गांवों के 4.70 किलोमीटर हिस्से पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है. प्रथम चरण के बाद नगर रोड से सातारा रोड तक के अगले चरण का कार्य तत्काल प्रारंभ किया जाएगा. इसके लिए हवेली तहसील के कदमवाकबस्ती, वडाचीवाड़ी, पिसोली, येवलेवाड़ी, गुजरनिंब ालकरवाड़ी, मांगडेवाड़ी, भिलारेवाड़ी, जांभुलवाड़ी और आंबेगांव खुर्द सहित कुल 14 गांवों में भूमि अधिग्रहण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है. परियोजना के लिए 720.78 हेक्टेयर निजी भूमि को सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन (एसआईए) से राज्य सरकार द्वारा पूर्व में ही छूट प्रदान किए जाने से भूमि अधिग्रहण का मार्ग भी प्रशस्त हो गया है.