मावल, 31 जुलाई (आ.प्र.) ग्रीनप्रो समिट 2026 के 9 वें संस्करण में नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के नेताओं और स्थिरता विशेषज्ञों को एक साथ लाया गया है. ताकि हरित उत्पादों, टिकाऊ विनिर्माण और कम कार्बन मूल्य श्रृंखलाओं को अपनाने में तेजी लाई जा सके. इस शिखर सम्मेलन में टीवीएस मोटर कंपनी, ब्रेक्स इंडिया लिमिटेड और लुमैक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड को हरित आपूर्ति श्रृंखलाओं और टिकाऊ विनिर्माण को आगे बढ़ाने में उनके नेतृत्व के लिए सम्मानित किया गया. होटल वेस्टिन में आयोजित सीआईआई की हरित उत्पाद एवं सेवा (ग्रीनप्रो) परिषद ने मूल्य श्रृंखलाओं में कार्बन उत्सर्जन को कम करने में हरित उत्पाद सहायक विषय पर आधारित ग्रीनप्रो समिट 2026 के 9 वें संस्करण का सफलतापूर्वक आयोजन किया. सम्मेलन में नीति निर्माताओं, नियामकों, उद्योग जगत के नेताओं, स्थिरता विशेषज्ञों, निर्माताओं व हरित उत्पाद नवप्रवर्तकों को एक साथ लाकर भारत को कम कार्बन उत्सर्जन, संसाधनकु शल और चक्रीय मूल्य श्रृंखलाओं की ओर ले जाने की दिशा में संक्रमण को गति देने पर विचार-विमर्श किया गया. उद्घाटन सत्र में राज्य सरकार के पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण के अध्यक्ष दीपक म्हैसेकर; ग्रीन प्रोडक्ट्स एंड सर्विसेज काउंसिल के अध्यक्ष और वोल्वो ग्रुप इंडिया प्रा.लि. के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक कमल बाली; सीआईआई पश्चिमी क्षेत्र के उपाध्यक्ष और केके नाग प्रा. लि. के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक मिलोन के नाग; वीकेई एन्वायरनमेंटल की निदेशक डॉ. पूर्वा केसकर; ग्लोबल इकोलेबलिंग नेटवर्क के अध्यक्ष एवं सीआईआई जीबीसी के कार्यकारी निदेशक केएस वेंकटगिरी और आईजीबीसी, ग्रीनप्रो और सीआईआई सीआईईएस के कार्यकारी निदेशक एस कार्तिकेयन उपस्थित थे.