शहीद सैनिकों के आश्रितों को आर्थिक सहयोग प्रदान

विभागीय आयुक्त शीतल तेली-उगले के हाथों चेक वितरित

    01-Aug-2026
Total Views |

vFSV 
पुणे, 31 जुलाई (आ.प्र.)

जिला सैनिक कल्याण कार्यालय की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पूर्व सैनिकों, पूर्व सैनिकों की विधवाओं तथा पूर्व सैनिकों के आश्रितों को विभागीय आयुक्त शीतल तेली-उगले के हाथों उनके कार्यालय कक्ष में सहायता राशि के चेक वितरित किए गए. विभागीय आयुक्त शीतल तेली-उगले ने कहा कि ये सभी योजनाएं सशस्त्र सेना ध्वज दिवस निधि से संचालित की जाती हैं. उन्होंने नागरिकों से ध्वज दिवस निधि के लिए उदारतापूर्वक योगदान देने की अपील की. इस अवसर पर कुल 9 लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए. इनमें बचत समूह आर्थिक सहायता के चौथे चरण की योजना के अंतर्गत बारामती के गंगोत्री पूर्व सैनिक महिला बचत समूह को 2 लाख रुपये प्रदान किए गए. सैन्य सेवा के दौरान मृत्यु होने वाले सैनिकों के आश्रितों को आवास खरीदने के लिए आर्थिक सहायता योजना के अंतर्गत नीता सचिन फडतरे को 2 लाख रुपये दिए गए. सैन्य सेवा के दौरान 23 प्रतिशत दिव्यांगता का सामना करने वाले सैनिक सहायता योजना के तहत वसंत कानडे को 49 हजार रुपये प्रदान किए गए. सैन्य सेवा के दौरान 100 प्रतिशत दिव्यांग हुए सैनिकों की सहायता योजना के अंतर्गत नारायण थोरात को 75 हजार रुपये दिए गए. इस प्रकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अनेक लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई. जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर एस. फिरासत ने यह जानकारी दी.