पुणे, 31 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
सीएसआर के तहत अमनोरा येस फाउंडेशन ने बुलढाणा जिले के खामगांव स्थित सूर्योदय पारधी समाज आदिवासी आश्रम विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए अत्याधुनिक खेल परिसर और सुसज्जित बंदिस्त प्रेक्षागृह (इनडोर ऑडिटोरियम) का निर्माण कराया है. इस भव्य खेल परिसर का लोकार्पण राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक परम पूजनीय डॉ. मोहन भागवत 8 अगस्त 2026 को करेंगे. यह जानकारी अमनोरा येस फाउंडेशन एवं सिटी ग्रुप के अध्यक्ष अनिरुद्ध देशपांडे ने पत्रकार-वार्ता में दी. इस अवसर पर विवेक कुलकर्णी भी उपस्थित थे. भय्यूजी महाराज द्वारा स्थापित इस आश्रम विद्यालय की जिम्मेदारी वर्ष 2014 में अमनोरा येस फाउंडेशन ने संभाली थी. वर्तमान में यहां पारधी समाज के लगभग 750 विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे ह्ैं. विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए परिसर में वॉलीबॉल, हैंडबॉल और बास्केटबॉल के अलग-अलग मैदानों के साथ आधुनिक इनडोर प्रेक्षागृह बनाया गया है. विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है. इसके अंतर्गत इलेक्ट्रिशियन, प्लंबिंग, मोटर मैकेनिक तथा ब्यूटी एंड वेलनेस जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं. फाउंडेशन की ‘स्वयंसिद्ध’ पहल के तहत छात्राएं पुरानी साड़ियों से आकर्षक कपड़े के थैले तैयार करती ह्ैं. प्रत्येक थैले के लिए उन्हें 25 रुपये मानदेय दिया जाता है. इस पहल के माध्यम से प्रत्येक छात्रा के बैंक खाते में 10,000 रुपये जमा किए गए हैं, जो 8 अगस्त को डॉ. मोहन भागवत के हाथों उन्हें प्रदान किए जाएंगे. अमनोरा येस फाउंडेशन कई वर्षों से शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय है. फाउंडेशन जरूरतमंद छात्राओं को छात्रवृत्तियां और उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करता है. इसके परिणामस्वरूप ऑटो-रिक्शा चालक की बेटी डॉक्टर, आंगनवाड़ी सेविका की बेटी आईटी इंजीनियर तथा सब्जी विक्रेता की बेटी सरकारी अधिकारी बनी है. इसके अलावा फाउंडेशन ने 40 नर्सिंग छात्राओं को 11 लाख रुपये की ‘मीरा देशपांडे छात्रवृत्ति’ प्रदान की है तथा पिछले आठ वर्षों से ससून अस्पताल की महिला सहायक कर्मचारियों को ‘मीरा देशपांडे सेवा सम्मान पुरस्कार’ से सम्मानित किया जा रहा है.