श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति के 135वें उत्सव की शुरुआत

अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर वासा पूजन; ‌‘श्री गणेश सुवर्णधाम‌’ झांकी का किया अनावरण

    10-Aug-2026
Total Views |

Bdgb 
पुणे, 9 अगस्त (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
भारत के पहले सार्वजनिक गणपति श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति ट्रस्ट के इस वर्ष के 135वें गणेशोत्सव की भव्य शुरुआत अगस्त क्रांति दिवस के शुभ अवसर पर हुई्‌‍| इस दौरान गणेशोत्सव मंडप के मवासा पूजनफ के साथ-साथ इस वर्ष की विशेष झांकी का अनावरण भी किया गया. श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति मंदिर परिसर में रविवार दोपहर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त (जोन-1) ऋषिकेश रावले, अशोक इलेक्ट्रिकल्स के अशोक शाह और उत्सव प्रमुख व ट्रस्टी पुनीत बालान के हाथों उत्सव मंडप का विधिवत और पारंपरिक तरीके से ‌‘वासा पूजन‌’ संपन्न हुआ. इसके बाद इस वर्ष के गणेशोत्सव के लिए बनाए जाने वाले आकर्षक दृश्य (झांकी) का अनावरण किया गया. इस वर्ष ट्रस्ट की ओर से ‌‘श्री गणेश सुवर्णधाम‌’ नामक भव्य और आकर्षक झांकी का निर्माण किया जाएगा. यह झांकी ‌‘मातृदेवो भव, पितृदेवो भव‌’ की भारतीय सांस्कृतिक विचारधारा पर आधारित होगी, जहां पार्वती-नंदन शिवपुत्र श्री गणेश के निवास स्थान की परिकल्पना की गई है. इस झांकी के माध्यम से माता- पिता के प्रति कृतज्ञता, उनके महत्व और भारतीय संस्कृति में मातृ-पितृ पूजन की परंपरा को रेखांकित करने का प्रयास किया जाएगा. हर वर्ष काल्पनिक विषयों पर आधारित भव्य झांकियां प्रस्तुत करने वाले श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति ट्रस्ट द्वारा इस वर्ष भी गणेश भक्तों को एक अनोखा और संदेशप्रद झांकी देखने को मिलेगी. 135वें गणेशोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. वासा पूजन समारोह एवं झांकी के अनावरण के अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति, मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे. इस दौरान ढोल-ताशों की गूंज और ‌‘गणपति बाप्पा मोरया‌’ के जयघोष से पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया.
 
डीजे-मुक्त गणेशोत्सव और दही हांडी का आयोजन

क्रांतिकारियों के गणपति श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति की सजावट का वासा पूजन और झांकी का अनावरण क्रांति दिवस पर हुआ. इस वर्ष ‌‘श्री गणेश सुवर्णधाम‌’ नामक काल्पनिक झांकी बनाई जाएगी. इस वर्ष का उत्सव धार्मिकता, पवित्रता और परंपराओं को बनाए रखते हुए मनाया जाएगा| पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी हम डीजे-मुक्त गणेशोत्सव और दही हांडी का आयोजन करेंगे. - पुनीत बालन, उत्सव प्रमुख एवं ट्रस्टी  
 
bdgb
 
पुणे का गणेशोत्सव सबसे अनूठा व अहम

श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति के 135वें गणेशोत्सव मंडप के वासा पूजन का अवसर मुझे मिला, इसका मुझे अत्यंत आनंद है. पिछले वर्ष भी मैंने इस मंडल का उत्सव देखा था; कार्यकर्ताओं का उत्साह और विसर्जन जुलूस में उनका अनुशासन देखने के बाद समझ आता है कि पुणे का गणेशोत्सव इतना अनूठा क्यों है. वासा पूजन का सम्मान देने के लिए मैं ट्रस्ट का तहे दिल से आभारी हूं. - ऋषिकेश रावले, पुलिस उपायुक्त (जोन-1)