क्रांति दिवस की पूर्व संध्या पर कांग्रेस की ‌‘क्रांतिज्योति‌’ यात्रा

शहीदों को श्रद्धांजलि; लोकतंत्र और संविधान की रक्षा हेतु संघर्ष का संकल्प

    10-Aug-2026
Total Views |

VSfdb 
शिवाजीनगर, 9 अगस्त (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

 9 अगस्त क्रांति दिवस की पूर्व संध्या पर पुणे शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से ‌‘क्रांतिज्योति यात्रा‌’ निकालकर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई. पूर्व विभाग के अध्यक्ष प्रशांत जगताप और पश्चिम विभाग की अध्यक्ष दीप्ति चवधरी के नेतृत्व में यह यात्रा कांग्रेस भवन से फरासखाना स्थित हुतात्मा कर्णिक स्मारक तक निकाली गई. ‌‘भारत माता की जय‌’ और ‌‘वंदे मातरम्‌‍‌’ के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा. हुतात्मा कर्णिक स्मारक पर पुष्पहार अर्पित कर यात्रा का समापन किया गया. इस अवसर पर प्रशांत जगताप ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में कांग्रेस के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने ब्रिटिश सरकार के खिलाफ ‌‘भारत छोड़ो‌’ का नारा दिया था और देश को स्वतंत्रता दिलाने के लिए हजारों क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया. इन शहीदों की स्मृतियों को जीवित रखने के लिए कांग्रेस की ओर से हर वर्ष क्रांति दिवस की पूर्व संध्या पर मशाल यात्रा निकाली जाती है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश में अराजकता की स्थिति के बीच कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है. देश में समानता, बंधुता, स्वतंत्रता और न्याय के मूल्यों को बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी कांग्रेस पर है. नागरिकों के अधिकारों की रक्षा और लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए नए संघर्ष की आवश्यकता है. यात्रा में कांग्रेस के मनपा गुटनेता चंदूशेठ कदम, प्रवक्ता गोपाल तिवारी, सुनील मलके, कैलास गायकवाड़, चंद्रशेखर कपोते, राजाभाऊ कदम, मधुकर राऊत, नगरसेवक रफीक शेख, साहिल केदारी, विशाल मलके, सुनील शिंदे, सुमय्या नदाफ, वैशाली भालेराव, डॉ. स्नेहल पाडले, जयाशेठ किराड, राजेंद्र भुतडा, मुनाफ शेख, नुरुद्दीन सोमजी, एडवोकेट रमेश पवले, स्वाति शिंदे, सौरभ अमराले, चेतन अग्रवाल, गुलाम हुसैन खान सहित कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए.