‌‘आईडब्ल्यूसी पुणे रिवरसाइड‌’ का हीमोग्राम रक्त जांच शिविर संपन्न

‘फिट गर्ल‌’ परियोजना के अंतर्गत 152 छात्राओं का ब्लड टेस्ट किया

    10-Aug-2026
Total Views |

VSDG 
पुणे, 9 अगस्त (आ.प्र.)

इनर व्हील क्लब ऑफ पुणे रिवरसाइड द्वारा बाल अधिकारों और बालिका स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‌‘फिट गर्ल‌’ परियोजना के अंतर्गत एक निशुल्क हीमोग्राम (HGM) रक्त जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया. यह विशेष शिविर श्री संत गोरोबा शिक्षण संस्था गुरुकुल इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित किया गया. क्लब की इस कल्याणकारी पहल के तहत स्कूल की कुल 152 छात्राओं की हीमोग्राम रक्त जांच की गई. एसोसिएशन द्वारा दिए गए ‌‘फिट गर्ल‌’ लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए इस प्रोजेक्ट की रूपरेखा तैयार की गई थी. संस्था का मानना है कि उत्तम स्वास्थ्य ही हर बालिका के सर्वांगीण विकास और सही शारीरिक वृद्धि की मजबूत नींव है. इसी दृष्टि और प्रतिबद्धता के साथ इस स्वास्थ्य शिविर को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया.  
 
एनीमिया से बचाव व संतुलित आहार की दी जानकारी

 कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने छात्राओं को एनीमिया (रक्तल्पता) से बचाव और संतुलित आहार के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया, ताकि वे भविष्य में स्वस्थ रह सकें. क्लब द्वारा 8 घंटे तक चले इस पूरी स्वास्थ्य सेवा परियोजना पर कुल 15,200 रुपये का खर्च किया गया. इनर व्हील क्लब ऑफ पुणे रिवरसाइड की सदस्यों ने बताया कि बालिकाओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच बेहद जरूरी है, जिससे समय रहते किसी भी बीमारी या पोषण की कमी की पहचान की जा सके. स्कूल प्रशासन, शिक्षकों और अभिभावकों ने क्लब की इस सराहनीय सामाजिक पहल की दिल से प्रशंसा की और आभार व्यक्त किया.