शिवाजी नगर, 10 अगस्त (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) लोकनेता स्व. अजीतदादा पवार की जयंती के अवसर पर पुणे मनपा में 22 जुलाई से 28 जुलाई 2026 तक आयोजित स्वच्छता सप्ताह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रीय कार्यालयों को सोमवार को पुरस्कृत किया गया. यह पुरस्कार वितरण समारोह महापौर मंजुषा नागपुरे के हाथों संपन्न हुआ. स्वच्छता सप्ताह के दौरान सार्वजनिक सड़कों, बाजारों, सरकारी इमारतों, स्कूलों, नदियों-नालों तथा शौचालयों का विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया. इस अवधि में 63.9 मीट्रिक टन गीला कचरा, 68.7 मीट्रिक टन सूखा कचरा, 247.3 मीट्रिक टन मलबा, 4.5 मीट्रिक टन प्लास्टिक कचरा और 5.2 मीट्रिक टन कबाड़ एकत्र किया गया. कसबा पेठ क्षेत्रीय कार्यालय रहा प्रथम प्रतियोगिता में कसबा पेठ क्षेत्रीय कार्यालय (प्रभाग क्र. 7) प्रथम स्थान पर रहा और उसे 50 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया. छत्रपति शिवाजीनगर-घोले रोड क्षेत्रीय कार्यालय (प्रभाग क्र. 4) को द्वितीय (25 लाख रुपये) तथा नगररोड-वडगांव शेरी क्षेत्रीय कार्यालय (प्रभाग क्र. 1) को तृतीय (15 लाख रुपये) पुरस्कार मिला. वारजे कर्वेनगर और हडपसर-मांजरी क्षेत्रीय कार्यालयों को विशेष सांत्वना पुरस्कार दिया गया.