नई दिल्ली, 10 अगस्त (वि.प्र.)
एनसीपी शरद पवार गुट की नेता और सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में पार्टी के सभी 8 सांसदाें ने साेमवार काे प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी से मुलाकात की. पीएम माेदी के साथ सांसदाें की करीब 15 से 20 मिनट तक बैठक हुई.
सूत्राें के मुताबिक, इस मुलाकात में सांसदाें ने अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े कई मुद्दे प्रधानमंत्री के सामने रखे. बीड़ से सांसद बजरंग साेनवणे ने साेलापुर के उजनी डैम से बीड़ जिले काे पानी उपलब्ध कराने की मांग की.
वहीं, शिरूर से सांसद अमाेल काेल्हे ने नासिक-पुणे रेलवे लाइन काे लेकर चल रहे विवाद का मुद्दा उठाया. भिवंडी से सांसद बालू मामा म्हात्रे ने नवी मुंबई एयरपाेर्ट का नाम भूमिपुत्र दी बा पाटिल के नाम पर रखने की मांग की.किसानाें से जुड़े मुद्दाें पर भी प्रधानमंत्री के साथ चर्चा हुई. हालांकि, इस मुलाकात के बाद सबसे ज्यादा चर्चा परिसीमन बिल काे लेकर हाे रही है.
सियासी अटकलें हैं कि एनसीपी शरद पवार गुट के सभी 8 सांसद परिसीमन बिल पर माेदी सरकार काे प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन दे सकते हैं.
हालांकि, पार्टी की तरफ से इस पर अभी काेई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है.
शरद पवार की पार्टी के पास 8 सांसद हैं ऐसे में इस मीटिंग काे लेकर सियासी गलियाराें में अटकलें भी तेज हाे गई है क्याेंकि इससे पहले 22 जुलाई काे भी शरद पवार और सुप्रिया सुले, पीएम माेदी से मिल चुके हैं. अब एनसीपी शरद पवार के सांसदाें के साथ पीएम माेदी की मुलाकात हुई.