पुणे, 11 अगस्त (वि.प्र.) मध्य रेल के सतर्क टीटीई और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के समन्वय से पुणे स्टेशन पर ट्रेन छूटने के बाद अपनी मां से बिछड़े 5 वर्षीय बच्चे को सकुशल खोज निकाला. यह घटना 5 अगस्त को दादर- तिरुनेलवेली चालुक्य एक्सप्रेस में हुई. कोच एस -6 में यात्रा कर रही महिला यात्री रेवती को पुणे स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के बाद अहसास हुआ कि उनका बच्चा साथ नहीं है. बच्चा अनजाने में किसी अन्य यात्री के साथ पुणे स्टेशन पर ही उतर गया था. घबराई मां ने तुरंत मदद की गुहार लगाई्. ड्यूटी पर तैनात टीटीई शंभू कुमार यादव ने तुरंत मामले को संभाला. उन्होंने ट्रेन कंडक्टर अरविंद महतो और पुणे के चीफ क्रू कंट्रोलर को सूचित किया. शंभू कुमार ने तुरंत पुणे आरपीएफ को बच्चे की फोटो भेजी. आरपीएफ कर्मियों ने सिर्फ 10 मिनट में बच्चे को स्टेशन पर सुरक्षित ढूंढ निकाला. फोटो के जरिए मां द्वारा पहचान की पुष्टि होने के बाद, रेवती अगले स्टेशन सातारा में उतरीं और वापस पुणे पहुंचकर अपने बच्चे से मिलीं. रेवती और अन्य सह-यात्रियों ने मध्य रेल की इस त्वरित कार्रवाई की जमकर तारीफ की. लोग किसी भी आपात स्थिति में रेल मदद हेल्पलाइन 139 पर संपर्क करें.