मुंबई, 11 अगस्त (वार्ता)
विदेशाें से मिले मिश्रित संकेताें के बीच घरेलू शेयर बाजाराें में मंगलवार काे बिकवाली हावी रही और बीएसई का सेंसेक्स 388 अंक लुढ़क गया.
सेंसेक्स में मंगलवार सुबह से ही गिरावट रही. यह करीब 33 अंक नीचे 78,509.77 अंक पर खुला और पूरे दिन लाल निशान में रहा. एक समय यह करीब 494 अंक गिर गया था. अंत में 388.19 अंक (0.49 प्रतिशत) लुढ़ककर 78,154.25 अंक पर बंद हुआ. नेशनल स्टाॅक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 112.10 अंक यानी 0.46 प्रतिशत नीचे 24,471.70 अंक पर रहा. वृहत बाजार में निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.07 प्रतिशत और स्माॅलकैप100 सूचकांक 0.22 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ. एफएमसीजी, धातु, ऑटाे, वित्त, बैंकिंग, रियल्टी और रसायन समूहाें के सूचकांक लाल निशान में रहे. वहीं, आईटी, फार्मा और स्वास्थ्य समूहाें में तेजी देखी गयी. सेंसेक्स की कंपनियाें में अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर पाैने तीन फीसदी नीचे रहा.
एक्सिस बैंक, इंडिगाे और भारती एयरटेल के शेयर तकरीबन डेढ़ प्रतिशत टूटे. बजाज फाइनेंस और पावरग्रिड एक प्रतिशत की नीचे बंद हुए. आईटीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, हिंदुस्तान यूनीलिवर, एशियन पेंट्स, अडानी पाेर्ट्स, बजाज फिनसर्व, एलएंडटी, सनफार्मा, मारुति सुजुकी, भारतीय स्टेट बैंक, ट्रेंट, एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी लाल निशान में रहे.