स्मार्ट दिखने के साथ-साथ स्मार्ट तरीके से सोचें

सूर्यदत्त एजुकेशन फाउंडेशन में आयोजित कार्यक्रम में सिद्धि जोहरी द्वारा विद्यार्थियों को संदेश

    12-Aug-2026
Total Views |
hbftgeb 
बावधन, 11 अगस्त (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

सूर्यदत्त के बावधन कैंपस स्थित बन्सीरत्न सभागार में सूर्यदत्त एजुकेशन फाउंडेशन के प्रेरणादायी कार्यक्रम में नेचर वेल्फेयर काउन्सिल ऑफ इंडिया की केंद्रीय निदेशक सिद्धि जोहरी ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं बल्कि सकारात्मक दृष्टिकोण, अच्छा व्यक्तित्व और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विद्यार्थियों की प्रगति के लिए उतनी ही महत्वपूर्ण है. कार्यक्रम में ‌‘मिसेज इंडिया इंटरनेशनल‌’, ‌‘फेस ऑफ इंडिया‌’, मेडिकल बायोकेमिस्ट, महिला सशक्तिकरण की राष्ट्रीय राजदूत, ‌‘नारी‌’ की सह-संस्थापक सिद्धि जोहरी ने विद्यार्थियों से स्वयं पर विश्वास रखने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने, कठिनाइयों से सीख लेते हुए आगे बढ़ने तथा व्यक्तिगत सफलता के साथ समाज के लिए भी सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया. प्रो. अेिशनी देशपांडे ने सिद्धि जोहरी का परिचय देते हुए उनके सामाजिक कार्य एवं महिला सशक्तिकरण में योगदान की जानकारी दी. प्रो.डॉ. संजय बी. चोरडिया एवं सुषमा एस. चोरडिया के हाथों सिद्धि जोहरी का सत्कार किया गया. कार्यक्रम में प्राचार्या किरण राव, वक्ता दत्ता कोहिनकर सहित प्राचार्य, प्राध्यापकगण, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे. सूर्यदत्त समूह के संस्थापक अध्यक्ष प्रो.डॉ. संजय बी. चोरडिया ने कहा, व्यावसायिक क्षेत्र में सफलता के साथ महिला सशक्तिकरण, सामाजिक प्रतिबद्धता और प्रकृति संरक्षण के लिए सिद्धि जोहरी का योगदान उल्लेखनीय है. सूर्यदत्त के मंच पर ऐसे बहुआयामी व्यक्तित्वों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों को मिल रहा है, जिससे उन्हें आत्मविश्वास, मूल्य आधारित जीवन और सफलता की नई दिशा प्राप्त होगी.  
 
सामाजिक जागरूकता जरूरी

कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर उत्स्फूर्त प्रश्न पूछे. सिद्धि जोहरी ने विद्यार्थियों, अभिभावकों, प्राध्यापकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों एवं उपस्थित गणमान्यों के साथ प्रेरणादायी एवं संवादात्मक चर्चा की. अपने जीवन के संघर्षों, अनुभवों और सफलता की यात्रा के विभिन्न पड़ावों को साझा करते हुए उन्होंने कहा शिक्षा और ज्ञान के साथ आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, संवेदनशीलता और सामाजिक जागरूकता विकसित करना भी आवश्यक है.