पिंपरी, 12 अगस्त (आ.प्र.) विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए उच्च स्तर का तकनीकी कौशल प्राप्त कुशल मानव संसाधन तैयार करना आवश्यक है. इसके लिए पिंपरी चिंचवड़ एजुकेशन ट्रस्ट ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई विश्वविद्यालयों और संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं. इस समझौते के तहत क्रोएशिया, मिस्र (इजिप्ट), केन्या और सोमालिया के दूतावासों के एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा पीसीईटी कैंपस और रावेत स्थित एस. बी. पाटिल पब्लिक स्कूल में किया गया शैक्षणिक संवाद दौरा बेहद महत्वपूर्ण है, यह जानकारी पिंपरी चिंचवड़ एजुकेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष ज्ञानेश्वर लांडगे ने दी. पीसीईटी के परिसर में क्रोएशिया, मिस्र, केन्या और सोमालिया के दूतावासों के प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में दौरा किया. इस प्रतिनिधिमंडल में क्रोएशिया गणराज्य दूतावास के उप प्रमुख ब्रानिमिर फरकास, मिस्र दूतावास के सांस्कृतिक और शैक्षणिक संबंध विभाग की प्रमुख डॉ. आयत साद अहमद इस्माइल, केन्या दूतावास की द्वितीय सचिव ॲन कासिचाना या, सोमालिया दूतावास के वाणिज्यिक सहयोगी अब्दिरिसाक सेद नूर और मिस्र दूतावास की सचिव सेविका लामा शामिल थीं.