शिवाजीनगर, 12 अगस्त (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
मुला-मुठा नदी सुधार याेजना के तहत जायका कंपनी के सहयाेग से बनाए जा रहे 11 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट अर्थात एसटीपी में से 5 एसटीपी का काम पूरा हाे चुका है. बाॅटनिकल गार्डन में परियाेजना के लिए जमीन देरी से उपलब्ध हुई है. हालांकि, शेष 5 परियाेजनाओं का काम भी 60 प्रतिशत तक पूरा हाे चुका है. इन परियाेजनाओं का काम सितंबर 2029 तक पूरा हाे जाएगा.
वहीं, जिन 5 एसटीपी का काम पूरा हाे चुका है, उनका जल्द ही लाेकार्पण किया जाएगा. इस बीच, अतिरिक्त मनपा आयुक्त पवनीत काैर ने जानकारी दी कि जायका कंपनी ने इस परियाेजना के लिए केंद्र सरकार काे दिए गए ऋण की अवधि भी बढ़ा दी है.
जल शक्ति मंत्रालय के संयुक्त सचिव जैगम अली खान की अध्यक्षता में मुला- मुठा नदी प्रदूषण उन्मूलन परियाेजना की प्रगति की समीक्षा के लिए बैठक आयाेजित की गई थी. मनपा आयुक्त नवल किशाेर राम, अतिरिक्त मनपा आयुक्त पवनीत काैर के साथ परियाेजना विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और सलाहकार भी इस अवसर पर उपस्थित थे. इससे पहले इन अधिकारियाें ने परियाेजना स्थल पर जाकर कार्य का निरीक्षण भी किया. इस संबंध में काैर ने पत्रकाराें से बातचीत करते हुए उपराेक्त जानकारी दी.
बैठक के दाैरान मुला-मुठा नदी के प्रदूषण नियंत्रण के लिए चलाई जा रही परियाेजना की वर्तमान स्थिति, चल रहे कार्याें तथा परियाेजना के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की गई. परियाेजना के कार्याें में तेजी लाकर निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने के लिए मनपा आयुक्त नवल किशाेर राम ने संबंधित अधिकारियाें काे आवश्यक आदेश और निर्देश दिए.
साथ ही कार्याें का प्रभावी क्रियान्वयन कर निर्धारित लक्ष्याें के अनुसार परियाेजना की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए.