थेऊर, 13 अगस्त (आ.प्र.) श्री चिंतामणि चैरिटेबल ट्रस्ट (थेऊर) की मुफ्त भोजन प्रसाद यानी अन्नदान सेवा का एक तप (12 वर्ष) पूरा हो गया है. इस दौरान तीन लाख से भी अधिक श्रद्धालुओं ने इस अन्नदान सेवा का लाभ उठाया है. इस सेवा की वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार, 15 अगस्त को श्री महागणेश याग और महाप्रसाद का आयोजन किया गया है. यह जानकारी श्री चिंतामणि चैरिटेबल ट्रस्ट (थेऊर) के मुख्य न्यासी मंगलमूर्ति विनायक आगलावे ने दी है. यह धार्मिक समारोह सुबह 11 बजे श्री चिंतामणि मंदिर के मुख्य द्वार के सामने स्थित श्रीराम कृपा हॉल में आयोजित किया जाएगा. श्री चिंतामणि चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से 15 अगस्त 2014 से निशुल्क भोजन प्रसाद की अन्नदान सेवा जारी है. अन्नदान सेवा का यह कार्य आगे भी निरंतर चलता रहे, इसलिए श्री अन्नपूर्णा देवी की कृपा से श्री महागणेश याग एवं महाप्रसाद का आयोजन किया गया है.