पुणे, 13 अगस्त (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत स्वायत्त संस्था के रूप में कार्यरत दत्तोपंत ठेंगड़ी राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास मंडल के पुणे विभाग के अध्यक्ष पद पर पुणे मनपा के मुख्य श्रम अधिकारी नितिन बाजीराव केंजले की नियुक्ति की गई है. उनका कार्यकाल 27 मार्च 2026 से 26 मार्च 2028 तक दो वर्ष का रहेगा. दत्तोपंत ठेंगड़ी राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास मंडल की स्थापना वर्ष 1958 में की गई थी. संगठित, असंगठित तथा ग्रामीण श्रमिकों को श्रमिक अधिकार, सामाजिक-आर्थिक समस्याओं तथा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें शिक्षित एवं प्रशिक्षित करना मंडल का प्रमुख उद्देश्य है. नितीन केंजले को पुणे मनपा के प्रशासनिक कामकाज का 33 वर्षों का दीर्घ अनुभव है. उन्होंने वर्ष 1993 में पुणे मनपा में प्यून के पद से अपनी सेवा यात्रा शुरू की. इसके बाद विभागीय परीक्षाएं उत्तीर्ण करते हुए कनिष्ठ श्रेणी लिपिक, लघु टंकक, श्रम अधिकारी और वर्तमान में मुख्य श्रम अधिकारी (उपायुक्त) के पद तक पहुंचे हैं. श्रमिकों के लिए लागू की गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा मानव संसाधन प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए कार्यों की पावती के रूप में उनकी यह नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है. दत्तोपंत ठेंगड़ी राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास मंडल के नियंत्रण में वर्तमान में देशभर में 50 क्षेत्रीय निदेशालय कार्यरत हैं. इसके साथ ही मुंबई स्थित सर्वोच्च प्रशिक्षण संस्था ‘इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ वर्कर्स एजुकेशन’ भी मंडल के अंतर्गत कार्यरत है.