गुलटेकड़ी, 14 अगस्त (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) श्रावण (सावन) महीने से त्यौहारों का सिलसिला शुरू हो जाता है. इसी पृष्ठभूमि में अब नारियल के बाजार में तेजी देखने को मिल रही है. धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ के साथ-साथ होटल, मिठाई और केटरिंग के व्यवसाय में भी नारियल की मांग बढ़ने से पिछले पंद्रह दिनों में होलसेल बाजार में नारियल की कीमतें प्रति सैकड़ा (100 नारियल) लगभग 300 से 400 रुपये तक बढ़ गई हैं. व्यापारियों ने बताया कि सावन के बाद आगे गणेशोत्सव, नवरात्रि, दशहरा और दिवाली तक त्यौहारों की धूम बनी रहेगी, जिससे नारियल की मांग लगातार बनी रहने की संभावना है. व्यापारियों का अनुमान है कि नारियल के ये बढ़े हुए दाम दिवाली तक मतलब नवंबर महीने तक बने रहने की संभावना है. त्यौहारों के दौरान विभिन्न प्रकार के नारियल की मांग ग्राहकों की ओर से बढ़ जाती है. व्यापारियों के अनुसार, त्यौहारों के दौरान सामान्य दिनों की तुलना में नारियल की मांग में काफी बढ़ोतरी होती है. पुणे में होटल, भोजनालय, मिठाई और कैटरिंग का व्यवसाय बड़े पैमाने पर चलता है, इसलिए यहां साल भर नारियल की मांग बनी रहती है. त्यौहारों के समय होटल और कैटरिंग व्यवसाय में ग्राहकों की संख्या बढ़ जाती है. मिठाई के लिए ताजे (गीले) नारियल और सूखे नारियल (खोबरा) की मांग में बढ़ोतरी होती है. इसके साथ ही, गणेशोत्सव और नवरात्रोत्सव में भगवान को चढ़ाने तथा धार्मिक अनुष्ठानों के लिए बड़े पैमाने पर नारियल खरीदे जाते हैं. रोजाना ढाई लाख नारियल की आवक मार्केट यार्ड के होलसेल बाजार में इन दिनों रोजाना लगभग 2,500 से 3,000 बोरे यानी लगभग 2 से 2.5 लाख नारियल आ रहे हैं. पुणे के बाजार में मुख्य रूप से तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश से नारियल पहुंच रहे हैं.
दीपावली तक मांग बनी रहने की संभावना श्रावण के बाद नागपंचमी, पोला, रक्षाबंधन, गणेशोत्सव, नवरात्रि, दशहरा और दिवाली जैसे त्यौहार एक के बाद एक आते रहते हैं. इसलिए दीपावली तक नारियल की मांग बनी रहने की संभावना है. त्यौहारों के दौरान नारियल के तोरणों की भी काफी मांग रहती है. कुलमिलाकर आने वाले कुछ महीनों में बाजार में नारियल की मांग मजबूत रहने की संभावना है. साथ ही, बढ़ी हुई कीमतें भी बरकरार रहने का अनुमान है. यदि बाजार में नारियल की आवक (आपूर्ति) वर्तमान स्तर पर ही बनी रहती है, तो कीमतें स्थिर रहेंगी. हालांकि, यदि आवक कम होती है, तो कीमतें बढ़ने की भी संभावना है. - दीपक बोरा नारियल व्यापारी, मार्केट याड
मांग बढ़ने से भाव में 20% तक वृद्धि दीपावली के बाद, जैसे ही फसल की उपलब्धता बढ़ी और मांग थोड़ी कम हुई, नारियल की कीमतों में आमतौर पर 25% से 30% की गिरावट आई थी. मद्रास नारियल वगैरह मार्च, अप्रैल के बाद फिर से नीचे आ गया था, उसमें भी 25-30% की कमी हुई थी. अब त्योहारों का सीजन शुरू हो चुका है. पूरे देश में मांग बढ़ने के कारण थोड़ी देर से ही सही, हमारे यहां जो बारिश शुरू हुई है, उसकी वजह से मांग काफी बढ़ गई है. नारियल के दाम आमतौर पर फिर से 15% से 20% बढ़ गए हैं. ऐसा लगता है कि ये भाव टिके रहेंगे. - ज्योतिकुमार अग्रवाल नारियल व्यापारी, मार्केट यार्ड