दगडूसेठ गणपति मंदिर विस्तार को मिलेगी रफ्तार

पुलिस की सैद्धांतिक सहमति के बाद प्रस्ताव गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव को भेजा

    16-Aug-2026
Total Views |
 
htefh
बुधवार पेठ, 14 अगस्त (आ.प्र.)

शहर की आस्था का केंद्र माने जाने वाले श्रीमंत दगडूसेठ हलवाई गणपति मंदिर के विस्तार के लिए फरासखाना-विश्रामबाग पुलिस स्टेशन की वर्तमान जमीन उपलब्ध कराने की गतिविधियों ने गति पकड़ ली है. पुणे पुलिस ने इस जमीन के हस्तांतरण को लेकर सैद्धांतिक रूप से अनापत्ति जताई है और संबंधित प्रस्ताव गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव के पास भेजा गया है. हालांकि, वर्तमान पुलिस स्टेशन की जमीन तत्काल ट्रस्ट के कब्जे में नहीं दी जाएगी. बुधवार पेठ में नया अत्याधुनिक पुलिस परिसर बनाए जाने और सभी संबंधित कार्यालयों का स्थानांतरण पूरा होने के बाद ही फरासखाना स्थित वर्तमान जमीन को दगडूसेठ गणपति ट्रस्ट को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी. एक ही इमारत में कई महत्वपूर्ण पुलिस कार्यालय छत्रपति शिवाजी महाराज रोड स्थित फरासखाना- विश्रामबाग पुलिस स्टेशन की इमारत में वर्तमान में पुणे पुलिस के पश्चिम विभाग का मुख्यालय, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कार्यालय, परिमंडल एक के पुलिस उपायुक्त कार्यालय, सहायक पुलिस आयुक्त कार्यालय, यातायात विभाग तथा फरासखाना-विश्रामबाग पुलिस स्टेशन का कामकाज चल रहा है. यह इमारत 1976-77 में बनाई गई थी और दगडूसेठ गणपति मंदिर से लगी हुई होने के कारण मंदिर विस्तार के लिए यह जमीन महत्वपूर्ण मानी जा रही है. दगडूसेठ गणपति मंदिर में पूरे वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं. संकष्टी चतुर्थी, अंगारक चतुर्थी और गणेशोत्सव के दौरान भीड़ में काफी वृद्धि होती है. इसलिए श्रद्धालुओं के लिए अधिक विस्तृत दर्शन व्यवस्था, प्रवेश-निकास मार्ग और अन्य बुनियादी सुविधाएं तैयार करने के लिए मंदिर परिसर के विस्तार का प्रस्ताव सामने आया है. वर्तमान स्थान से सिर्फ 300 मीटर दूर वैकल्पिक जमीन बुधवार पेठ में प्रस्तावित जमीन का क्षेत्रफल 759.20 वर्ग मीटर है और वहां 3.5 एफएसआई उपलब्ध है. इसलिए लगभग 28 हजार 621 वर्ग फुट निर्माण किए जाने की संभावना है. इसके विपरीत, फरासखाना पुलिस स्टेशन की वर्तमान जमीन 873.70 वर्ग मीटर है और मौजूदा इमारत का निर्मित क्षेत्र लगभग 22 हजार वर्ग फुट है. विशेष बात यह है कि प्रस्तावित नई जमीन वर्तमान पुलिस स्टेशन से केवल लगभग 300 मीटर की दूरी पर है. इससे पुलिस को अधिक विस्तृत, आधुनिक और सुविधाओं से सुसज्जित परिसर मिलने की संभावना है. नए पुलिस परिसर का निर्माण पूरा होने के बाद फरासखाना-विश्रामबाग पुलिस स्टेशन सहित सभी संबंधित कार्यालयों को वहां पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा. इसके बाद ही वर्तमान जमीन दगडूसेठ गणपति ट्रस्ट को सौंपे जाने की आगे की प्रक्रिया शुरू होगी. इस जमीन के मिलने से मंदिर के विस्तार को बड़ी गति मिल सकती है और श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था, प्रवेश-निकास तथा अन्य सुविधाओं को अधिक सुगम बनाने के लिए अतिरिक्त जगह उपलब्ध हो सकती है. कसबा विधानसभा क्षेत्र के विधायक हेमंत रासने ने मंदिर विस्तार के दृष्टिकोण से इस प्रस्ताव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी है.