चिंचवड़, 14 अगस्त (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) अग्रवाल समाज महिला मंडल, प्राधिकरण की ओर से अग्रसेन भवन, चिंचवड़ में 12 अगस्त को तीज महोत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया. समारोह में 100 से अधिक महिला सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शैलेजा मोरे उपस्थित रहीं. पुणे फेडरेशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी समारोह में शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाई. तीज महोत्सव को पारंपरिक रंग देने के लिए झूले, गीत-संगीत और विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर उत्सव की खूबसूरती बढ़ाई. खेल प्रतियोगिताओं के लिए सदस्यों के विभिन्न समूह बनाए गए, जिसमें ‘अल्फा टीम’ विजेता रही. कार्यक्रम के दौरान सरिता अग्रवाल के विशेष योगदान और प्रयास की सराहना की गई. वहीं एंकर राज ने प्रभावी एवं आकर्षक अंदाज में कार्यक्रम का संचालन करते हुए समारोह को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. कार्यक्रम की मुख्य प्रायोजक राजबाला कुशन तथा सह-प्रायोजक रुचिका जिंदल रहीं. महिला मंडल की ओर से दोनों प्रायोजकों के सहयोग एवं योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया. समारोह को सफल बनाने में महिला मंडल की अध्यक्ष अनिता जैन, उपाध्यक्ष शशि अग्रवाल, सचिव भावना गर्ग और कोषाध्यक्ष मंजू बंसल के साथ लता अग्रवाल, सीमा बंसल, रजनी गोयल, मीनल जाजोदिया, रेनू मित्तल, कविता गोयल, कामना मित्तल और रीना मित्तल ने महत्वपूर्ण योगदान दिया. पूरे आयोजन के दौरान महिलाओं में उत्साह, उमंग और आपसी मेल-मिलाप का माहौल देखने को मिला. तीज के पारंपरिक गीत-संगीत, वेशभूषा और मनोरंजक गतिविधियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए. इस आयोजन ने महिलाओं को मनोरंजन और आनंद के साथ अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी प्रदान किया. अग्रवाल समाज महिला मंडल, प्राधिकरण का यह तीज महोत्सव सांस्कृतिक परंपरा, महिला एकता और उत्साह का सुंदर संगम बनकर सभी के लिए यादगार बना.