विमाननगर, 18 अगस्त (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) विमाननगर प्रभाग क्रमांक-3 में बढ़ती यातायात जाम की समस्या, अवैध पार्किंग, सड़कों पर मौजूद बाधाओं और पैदल यात्रियों की सुरक्षा के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है. पार्टी की शहराध्यक्ष (शिक्षा विभाग) शीतल वेिशनाथ कांडेलकर की पहल पर नगर रोड क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक आयुक्त पोल को ज्ञापन सौंपा गया. विमाननगर में वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण सुबह और शाम के व्यस्त समय में कई स्थानों पर गंभीर यातायात जाम की स्थिति रहती है. सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और अन्य बाधाओं के कारण यातायात प्रभावित होने के साथ ही महिलाओं, बुजुर्गों, पैदल यात्रियों और विद्यार्थियों की सुरक्षा का प्रश्न भी सामने आया है. मनपा अधिकारियों और यातायात पुलिस के संयुक्त दल द्वारा प्रमुख जाम वाले स्थानों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया जाए. अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जाए. यातायात में बाधा बनने वाले अतिक्रमण हटाए जाएं तथा आवश्यक स्थानों पर नो-पार्किंग क्षेत्र निर्धारित कर स्पष्ट सूचना फलक लगाए जाएं, ऐसी मांग ज्ञापन के माध्यम से की गई. फुटपाथों को अतिक्रमणमुक्त कर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित बनाना, आवश्यक स्थानों पर जेब्रा क्रॉसिंग और सुरक्षित सड़क पार करने की व्यवस्था करना, गतिरोधक व दिशासूचक फलक लगाना तथा विद्यालयों और आवासीय सोसायटियों के प्रवेशद्वारों के पास यातायात का उचित नियोजन करने की मांग भी की गई. व्यस्त समय में यातायात पुलिस का पर्याप्त मैनपॉवर उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई. यातायात जाम केवल आवागमन की समस्या नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है. प्रशासन आठ दिनों में प्रत्यक्ष निरीक्षण कर ठोस कार्ययोजना तैयार करे, ऐसी मांग कांडेलकर ने की. समय-सीमा में उपाय- योजना शुरू नहीं होने पर संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने की चेतावनी भी उन्होंने दी.