गणेशोत्सव से पहले ट्रैफिक में सुधार करें : डॉ. विश्वजीत कदम

    19-Aug-2026
Total Views |

 bfBH
शिवाजीनगर, 18 अगस्त (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

 पुणे शहर में विभिन्न लंबित विकास कार्यों, नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं तथा शहर के सर्वांगीण विकास से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को लेकर पूर्व मंत्री विश्वजीत कदम के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मनपा आयुक्त से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन प्रस्तुत किया. इस मुलाकात के दौरान पुणे शहर की सड़कें, यातायात व्यवस्था, जलापूर्ति, जल निकासी, स्वच्छता, सार्वजनिक स्वास्थ्य, उद्यान, स्ट्रीट लाइट तथा विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित नागरिकों की समस्याओं को आयुक्त के संज्ञान में लाया गया.शहर के कई क्षेत्रों में विकास कार्य लंबित हैं, जबकि कुछ स्थानों पर चल रहे कार्यों की गुणवत्ता और कार्यों की गति को लेकर नागरिकों की ओर से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं. इसलिए संबंधित विभागों को विकास कार्यों में तेजी लाकर कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखनी चाहिए, नागरिकों को परेशानी न हो इसका ध्यान रखना चाहिए और लंबित कार्यों को समय पर पूरा करना चाहिए, ऐसी मांग की गई. साथ ही पुणे शहर के बढ़ते विस्तार और जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास कार्यों की योजना बनाना आवश्यक है, ऐसा इस अवसर पर कहा गया. पुणे शहर के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और समय पर नागरिक सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है. विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. प्रशासन को नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, ऐसी भूमिका वेिशजीत कदम ने इस अवसर पर रखी. इस अवसर पर कांग्रेस के दल नेता एडवोकेट रामचंद्र उर्फ चंदूसेठ कदम, शहराध्यक्ष दीप्ति चौधरी, प्रशांत जगताप, कांग्रेस के सभी नगरसेवक, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.