चाकण, 18 अगस्त (आ.प्र.)
चाकण एमआईडीसी क्षेत्र की सड़काें की बदहाली, बड़े-बड़े गड्ढाें और अपर्याप्त बुनियादी ढांचागत सुविधाओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने आंदाेलनकारियाें ने अनाेखे तरीके से प्रदर्शन किया. प्रशासन की अनदेखी के विराेध में एमआईडीसी के एक बड़े गड्ढे काे प्रतीकात्मक रूप से ‘भगवान’ मानकर उसकी पूजा की गई. गड्ढे पर हल्दी-कुमकुम चढ़ाया गया और दूध से अभिषेक किया गया. सड़काें की हालत काे प्रशासन गंभीरता से ले, इसके लिए यह अनाेखा विराेध जताया गया.
इस आंदाेलन में उद्याेगपतियाें के साथसाथ तीर्थक्षेत्र देहू, भामचंद्र डाेंगर और भंडारा डाेंगर क्षेत्र के वारकरी संप्रदाय के लाेगाें ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया. वारकरियाें ने हरिनाम का जाप करते हुए आंदाेलन काे अपना समर्थन दिया. इस वजह से आंदाेलन ने सामाजिक और धार्मिक रूप ले लिया.